आरंग छत्तीसगढ़ रायपुर

एनआईटी रायपुर में विश्व पर्यावरण दिवस की 50वीं वर्षगांठ कार्यक्रम का आयोजन ,सप्ताह भर चले प्रतियोगिताओं के विजेताओं का दिए गए पुरूस्कार

Written by Tukeshwar Lodhi

रायपुर: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर द्वारा 31 मई 2023 से 5 जून 2023 तक माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा शुरू किए गए मिशन लाइफ़ और इंस्टिट्यूट ऑफ़ एनवायरनमेंट कंज़र्वेशन एडवोकेसी (आईईसीए) के अनुसार कार्यक्रमों की एक श्रृंखला को समाप्त करते हुए विश्व पर्यावरण दिवस समारोह, सम्मान समारोह और मिशन लाइफ पर जारी एक शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिपेट रायपुर के प्रमुख एवं निदेशक, डॉ. आलोक कुमार साहू थे। कार्यक्रम में एनआईटी रायपुर की प्रभारी निदेशक, डॉ. ए बी सोनी, एनआईटी रायपुर के कुलसचिव, डॉ. पी वाई ढेकने एवं डीन स्टूडेंट वेलफेयर, डॉ. नितिन जैन मौजूद रहे। इस कार्यक्रम का संचालन अप्लाइड जियोलॉजी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. डी. सी. झारिया एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की असिस्टैंट प्रोफेसर डॉ. मृदु साहू के मार्गदर्शन में किया गया । विश्व पर्यावरण दिवस समारोह, सम्मान समारोह और शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन सिविल इंजीनियरिंग विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ मीना मुर्मू, मानविकी और सामाजिक विज्ञान विभाग की सहायक प्रोफ़ेसर डॉ. चेतना एस. राजपूत, गणित विभाग के सहायक प्रोफ़ेसर, डॉ. एल. भास्कर और रसायन विज्ञान विभाग की सहायक प्रोफ़ेसर डॉ. सागरिका भट्टाचार्य के मार्गदर्शन में किया गया।

संस्थान में विश्व पर्यावरण दिवस समारोह का आयोजन किया गया जिसका उद्घाटन मुख्य अतिथियों और गणमान्य व्यक्तियों को स्वागत स्वरूप पौधा भेंट करके किया गया | इसके बाद सभी मौजूद अतिथियों द्वारा कार्यक्रम की शुरुआत पौधों को पानी देकर कर गई | डॉ. मृदु साहू ने बीते सप्ताह में आयोजित सभी प्रमुख गतिविधियों का उल्लेख करते हुए विश्व पर्यावरण दिवस उत्सव के बारे में जानकारी दी। विगत सप्ताह आयोजित किये गए कार्यक्रमों पर प्रकाश डालने वाली एक लघु फिल्म दर्शकों के लिए प्रस्तुत की गई। इसके बाद पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता के विजिताओ ने अपने पोस्टर प्रस्तुत किए और पोस्टर बनाने के पीछे की सोच को व्यक्त किया।

डॉ. नितिन जैन ने सभी को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने वर्तमान वृक्षों के पोषण और संरक्षण पर ध्यान देने पर ज़ोर दिया और कहा की पर्यावरण की सुरक्षा करना हम सभी की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने प्राकृतिक सौंदर्य के स्थानों से प्रेरणा लेते हुऐ हमें अपने शहरों को सुशोभित करने की सलाह दी। डॉ. पी वाई ढेकने ने पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को बधाई दी और उनके उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा की संस्थान पेपरलेस कैंपस जैसे विचारों की सराहना करता है और भविष्य में शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए स्थानीय चालकों के लिए पर्यावरण अनुकूल तरीके से वाहन चलाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम की व्यवस्था की जा सकती है। डॉ. ए बी सोनी ने विजेताओं को शुभकामनाएं दी तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना। उन्होंने कहा कि पर्यावरण हमारे लिए सबसे कीमती तोहफा है जो हमें मिला है और इसे हमें आगे आने वाली पीढ़ी के लिए बचा कर रखना होगा और यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम इस कर्तव्य का निर्वहन करें। मुख्य अतिथि डॉ. आलोक कुमार साहू ने सभी प्रतिभागियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों के कार्यों को सराहा साथ ही उन्होंने विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाइयां दी। उन्होंने संस्थान में प्लास्टिक के प्रतिबंध की तारीफ भी की और कहा कि हमें अपने दैनिक जीवन में कम से कम प्लास्टिक का उपयोग करना चाहिए। आगे उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति औसतन 11.6 किलोग्राम प्लास्टिक सालाना उपयोग करता है। उन्होंने प्लास्टिक के कारण जानवरों को हो रहे नुकसान ओं के बारे में बताया तथा प्राकृतिक संपदाओं का सही तरह से इस्तेमाल करने की बात कही।

इसके तुरंत बाद पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा की गई। 31 मई 2023 को हुए सेगमेंट के लिए, सान्वी सामंत ने पहला पुरस्कार जीता और उसके बाद ग्रुप -1 में अग्रिमा सिंह ने दूसरा स्थान हासिल किया। ग्रुप-2 में स्वरा तिवारी ने पहला, अनुमेहा सिंह ने दूसरा और ग्रुप-3 में अबी सरकार ने पहला और सेवक राम साहू ने दूसरा स्थान हासिल किया। 1 जून 2023 के सेगमेंट में, सान्वी और अंशुमान सिंह ने ग्रुप-1 में क्रमशः पहला और दूसरा स्थान हासिल किया, ग्रुप-2 में नवनीता और मुकुंद क्रमशः पहले और दूसरे स्थान पर रहे, जबकि प्रियंका और संयुक्ता ने ग्रुप-3 में क्रमशः पहला और दूसरा स्थान हासिल किया।
समारोह का समापन डॉ. डी सी झारिया द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ।

इसके पूर्व भारत के माननीय शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. राजकुमार रंजन सिंह ने विश्व पर्यावरण दिवस पर सभी उच्च शिक्षा संस्थानों की वर्चुअल बैठक की। बैठक में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर की प्रभारी निदेशक, डॉ. ए बी सोनी, रजिस्ट्रार, डॉ. पी वाई ढेकने, डीन स्टूडेंट वेलफेयर, डॉ. नितिन जैन, यांत्रिकी अभियांत्रिकी विभाग के एचओडी, डॉ. एस सान्याल एवं अन्य संकाय सदस्य मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत डॉ. राजकुमार रंजन सिंह द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी को पुन: उद्देशित करने की शपथ के साथ हुई। यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमिशन (यूजीसी) के अध्यक्ष श्री डी. पी. सिंह ने पर्यावरण संरक्षण के संबंध में शिक्षा नीति में सुधार पर बात की और स्नातक स्तर पर सभी विश्वविद्यालयों के लिए ईवीएस पाठ्यक्रम जारी किया। डॉ. राजकुमार रंजन सिंह ने पर्यावरण संरक्षण में लाइफ इंडिया और ए.आई.सी.टी.ई. द्वारा निभाई गई भूमिका के बारे में बात की। एआईसीटीई के अध्यक्ष ने प्रति छात्र एक पेड़ लगाकर कुल 1 करोड़ पेड़ लगाने की शपथ ली।

About the author

Tukeshwar Lodhi