रायपुर, छत्तीसगढ़: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO), क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर द्वारा कर्मचारी नामांकन योजना (EEC) 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ शासन के साथ मिलकर व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं।
क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-I जयवदन इंगले ने बताया कि कर्मचारी नामांकन योजना-2026 एक विशेष अनुपालन अभियान है, जो 1 जुलाई से 31 अक्टूबर 2026 तक चल रहा है। इसके तहत नियोक्ता 1 अप्रैल 2009 से 31 मार्च 2026 के बीच EPF लाभ से वंचित पात्र कर्मचारियों का स्वैच्छिक रूप से नामांकन कर सकते हैं।
योजना के तहत नियोक्ताओं को महत्वपूर्ण वित्तीय राहत दी गई है। यदि पूर्व अवधि में कर्मचारी से उसका EPF अंशदान नहीं काटा गया था, तो कर्मचारी के हिस्से की राशि माफ की जा सकती है। साथ ही, भारी जुर्माने के स्थान पर केवल 100 रुपये का मामूली हर्जाना, जबकि नियोक्ता का अंशदान एवं निर्धारित ब्याज देय होगा।
सरकारी विभागों के साथ विशेष अभियान
EPFO रायपुर द्वारा राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में कार्यरत आकस्मिक एवं ठेका कर्मचारियों तथा EPF से वंचित पात्र कर्मचारियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए विशेष पहल की गई है।
छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव द्वारा 15 दिसंबर 2025 को सभी संबंधित विभागों के सचिव एवं छत्तीसगढ़ शासन के समस्त जिला कलेक्टरों को पात्र कर्मचारियों को EPF का लाभ दिलाने तथा EEC 2026 का उपयोग करने के निर्देश दिए गए थे।
EPFO रायपुर ने इसके लिए एक विशेष टीम गठित की है, जो विभागों को EPF पंजीकरण, अनुपालन, ECR प्रक्रिया, तकनीकी मार्गदर्शन तथा पात्र कर्मचारियों की पहचान में सहायता प्रदान कर रही है।
अब तक 6,155 कर्मचारियों को लाभ
इस अभियान के तहत छत्तीसगढ़ शासन, राज्य सरकार के अब तक 105 EPF पंजीकरण किए जा चुके हैं और 6,155 कर्मचारियों के लिए EPF अनुपालन शुरू किया गया है। इसके अतिरिक्त, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के लगभग 2,600 तथा लोक निर्माण विभाग के लगभग 4,000 शेष पात्र कर्मचारियों को भी EPF के दायरे में लाने की प्रक्रिया जारी है।
EPFO की अपील
क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-I जयवदन इंगले ने छत्तीसगढ़ के सभी सरकारी एवं निजी प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे 31 अक्टूबर 2026 की समय-सीमा से पहले EEC 2026 का लाभ उठाएं और पात्र कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाएं। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर (छत्तीसगढ़) के क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-II गौरव डोंगरा ने मीडिया को जारी स्टेटमेंट में बताता कि EPFO रायपुर द्वारा गठित विशेष टीम इस प्रक्रिया में आवश्यक मार्गदर्शन और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार है।