रायपुर। सुबह 6 बजे दीपावली मिलन का आयोजन भला कोई करता है, रायपुर के सैर-सपाटा संघ ने ऐसा अनूठा आयोजन हर साल किया है। दिलचस्प यह कि इसमें वे भी आते हैं जो सालभर सैर करने एक बार भी नहीं आते, और सुबह 6 बजे पूड़ी, सब्जी, पकौड़ी, बिस्किट, मिठाई, चाय का लुत्फ उठाते हैं।
करीब 31 साल पहले 5 सदस्यों से शुरू हुआ यह संघ आज एक बड़ा परिवार है। शुरूआत देवेंद्र अग्रवाल, शशि, राजेश जैन, ताराचंद अग्रवाल, धीरेंद्र शाह, विनय कक्कड़, रवि सिंघानिया, लालू मथानी, राजकुमार पुरोहित, गिरीश बिस्सा से हुई। बाद में आनंद बेरीवाल, साजन, प्रदीप, विनय साबू, मनोज त्रिवेदी, गोविंद, अमर बंसल, चंद्रप्रकाश व्यास, संजय पाठक, डॉ. दिनेश मिश्र जैसे कई साथी जुड़े।
इस संघ की खासियत
कोई पदाधिकारी नहीं, सिर्फ सदस्य हैं, फिर भी मजे से चल रहा है। मॉर्निंग वॉक के साथ गंभीर चर्चा, चुहलबाजी, मौज-मस्ती, कॉलेज के किस्से, हल्की एक्सरसाइज, लाफिंग क्लब, योग सब चलता है। मैदान पर ही जन्मदिन, केक और गाने भी होते हैं। 30 सालों में इंजीनियरिंग कॉलेज, साइंस कॉलेज, चौबे कॉलोनी और यूनिवर्सिटी कैंपस तक वॉक की जगह बदली, लेकिन धींगामस्ती का अंदाज नहीं बदला।
और जब कोई पूछता है कि इतने साल वॉक के बाद भी वजन क्यों नहीं घटा, तो जवाब मिलता है- हम वजन घटाने नहीं आते, हम इसलिए आते हैं कि स्वास्थ्य ऐसा शानदार रहे कि आगे भी कई साल तक मनपसंद पकवान खा सकें।