लता, रफी, मुकेश, मन्ना डे और आशा इन महान गायकों के गीतों की दी जाएंगी सुरमयी प्रस्तुतियां
रायपुर। पं. जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के जेल रोड स्थित सभागार में रविवार, 25 अक्टूबर की शाम संगीत के स्वर्णिम दौर के नाम होने जा रही है। ‘द नॉस्टैल्जिया प्रोजेक्ट- द गोल्डन फाइव’ शीर्षक से बहुप्रतीक्षित लाइव संगीत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। छत्तीसगढ़ गोल्ड रिफाइनरी द्वारा प्रस्तुत इस भव्य कॉन्सर्ट में 50 से 70 के दशक के महान फनकारों- लता मंगेशकर, मोहम्मद रफी, मुकेश, मन्ना डे और आशा भोसले के गीतों की सुरमयी प्रस्तुतियां दी जाएंगी। यह कार्यक्रम शाम ठीक 7:30 बजे से शुरू होगा। हिंदी सिनेमा के गोल्डन एरा (1950 से 1970 का दशक) को समर्पित यह तीन घंटे का विशेष लाइव शो देश के इन 5 महान संगीत पुरोधाओं के नाम रहेगा। मुख्य गायक गौतम बुरड़, बी. रवि, प्राजक्ता सातारडेकर और शिफा अंसारी अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। गायकों के साथ 10 सदस्यीय लाइव एकॉस्टिक आॅर्केस्ट्रा और विंटेज स्टेज लाइटिंग 50 से 70 के दशक के असली सुरमयी माहौल को जीवंत करेगी। इस शाम को और भी खास बनाएंगे मुंबई के पेशेवर थिएटर कलाकार, जो गीतों के बीच-बीच में उस दौर के अनसुने वाकये, रिकॉर्डिंग स्टूडियो के किस्से और संगीतकारों की रोचक यादें साझा करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर दर्शकों व संगीत प्रेमियों के प्रवेश के लिए शाम 6:30 बजे से गेट खुलेंगे।