छत्तीसगढ़ • शिक्षा

बोर्ड परीक्षा की तैयारी पर लायंस क्लब नमन की कार्यशाला

बोर्ड परीक्षा की तैयारी पर लायंस क्लब नमन की कार्यशाला

रायपुर। विद्यार्थियों के जीवन में सबसे बड़ा टास्क 10वीं और 12वीं की परीक्षा को अच्छे नंबरों से क्रेक करना होता है। इसी उधेड़बुन में छात्र-छात्राएं और पालक अच्छी-खासी मोटी फीस चुकाकर कोचिंग क्लासेस की ओर टकटकी लगाए देखते रहते हैं। इसी समस्या से निजात दिलाने शनिवार को छत्तीसगढ़ नगर, टिकरापारा स्थित सरस्वती शिक्षा मंदिर के 10वीं व 12वीं के बच्चों के लिए लायन्स क्लब रायपुर नमन के सौजन्य से ‘स्वयं के द्वारा बोर्ड परीक्षा की तैयारी कैसे करें’ टॉपिक पर वर्कशॉप आयोजित की गई।

शैक्षणिक सत्र के अंत में टीचर और स्टूडेंट दोनों ही अच्छे परिणाम की उम्मीद रखते हैं तथा इसी लक्ष्य को साधने के उद्देश्य से क्लब अध्यक्ष लायन मधु यादव ने सरल-सुगम तरीके से परीक्षा की तैयारी के टिप्स बताए। रुल 52-15, फार्मूला एसक्यू-3आर और फार्मूला पोमोडोरो को समझाया। समय प्रबंधन, मेडिटेशन, नो फोन जोन, बी पॉजिटिव, स्क्रीन फास्टिंग, लक्ष्य निर्धारण के नियमों को बच्चों ने भलीभांति समझा।

स्कूल डायरेक्टर शरद दुबे, प्रिंसिपल इंद्राणी दुबे, लायंस क्लब से डॉ. शेषा सक्सेना, वी. बरनेडाइल, सरोज सैफी, शैलेश कोहली और स्कूल के सभी शिक्षक समारोह में शामिल हुए। राष्ट्रगान के पूर्व उपस्थित बच्चों ने नियमों का अक्षरश: पालन कर बेस्ट एग्जाम रिजल्ट देने का संकल्प लिया।

About the author

मीडिया एमपीसीजी