रायपुर। गुजराती समाज के आराध्य देव संत जलाराम बापा की जन्म जयंती पर 16 नवंबर को धूमधाम से मनाई जाएगी। श्रीलोहाणा युवा मंडल द्वारा प्रात: 7 बजे जयस्तंभ चौक से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो प्रात: 9 बजे सत्ती बाजार स्थित अम्बे मंदिर पहुंचेगी। जलाराम सेवा समिति के अध्यक्ष सुधीर भाई जस्सानी ने बताया कि शोभायात्रा का स्वागत समिति द्वारा किया जाएगा। अम्बे मंदिर में बापा की स्थापना एवं पूजा-अर्चना होगी। प्रात: 9:30 बजे से जादू बापा मंडली द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। समिति के कोषाध्यक्ष यशेष भाई रायचूरा ने बताया कि सिटी ब्लड बैंक के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा। वहीं शाम 5 बजे से रास गरबा और शाम 6:30 बजे बापा की महाआरती की जाएगी। सचिव हितेश भाई रायचूरा ने बताया कि आरती के बाद जलाराम बापा की पावन भूमि वीरपुर से आए चावल से बनी महाप्रसाद का वितरण होगा।