छत्तीसगढ़ • पर्व त्योहार महात्म्य

गोपाष्टमी पर की गई गौ माताओं की पूजा

स्नान व श्रृंगार कर लगाया गौ माताओं को विविध व्यंजनों का भोग

रायपुर। मंगलवार, 17 नवंबर को गोपाष्टमी का पर्व हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस पावन प्रसंग पर गौ माताओं का स्नान, श्रृंगार व पूजन कर उन्हें विविध व्यंजनों का भोग लगाया गया।

माहेश्वरी महिला समिति ने की गौ सेवा

माहेश्वरी महिला समिति, गोपाल मंदिर द्वारा महावीर गौशाला में गौपूजन एवं धार्मिक कार्यक्रम हुए। महिलाओं ने विधि-विधान से गौमाता का पूजन किया। उन्हें गुड़, हरा चारा खिलाकर उनका आशीर्वाद लिया तथा सुख-समृद्धि व परिवार की खुशहाली की कामना की। सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और भक्तिमय वातावरण में पर्व मनाया। इस अवसर पर प्रतिभा नथानी, रमा मल, नंदा बट्टड़, कल्पना राठी, भावना मरदा, डॉ. शशि मोहता, शशि बंग, नीता लाकोटिया, श्वेता राठी, प्राची मोहता, सरिता मुंधड़ा, सुनीता लड्ढा एवं डॉ. नीना राठी उपस्थित रहीं।

विश्व गीता धेनु गोविंद पक्षी सेवा धाम

कैवल्यधाम के पास परसदा-कुम्हारी स्थित विश्व गीता धेनु गोविंद पक्षी सेवा धाम में गोपाष्टमी के पावन प्रसंग पर मंगलवार को गौ पूजन एवं दीपावली मिलन का आयोजन किया गया।

धाम के संचालक गोपाल प्रसाद सुल्तानिया (गोयल) ने बताया, सुबह 11 से शाम 5 बजे तक ‘एक दिन गौ माताओं के नाम’ शीर्षक से आयोजित इस कार्यक्रम में आगंतुक सभी श्रद्धालुओं गौ सेवा के उपरांत भोजन प्रसाद का आनंद लिया। नाम के अनुरूप इस धाम में गौ माताओं की सेवा सहित विशेष रूप से सड़क दुर्घटनाओं में घायल एवं निराश्रित गौ माताओं व गौवंश की उपचार सेवा की जाती है।

हनुमान मंदिर गौशाला में विशेष पूजन

श्रीसंकट मोचन वीर हनुमान मंदिर गौशाला में गोपाष्टमी के पावन पर्व पर सर्वप्रथम श्रीसंकट मोचन हनुमानजी का दुग्धअभिषेक सुबह किया गया। उसके पश्चात गौशाला में गौ माता की विशेष पूजा अर्चना कर उन्हें खिचड़ी प्रसाद खिलाया गया। विधि-विधान से पूजन किया गया। मंदिर के वर्तमान महंत राजेश शर्मा ने बताया, सैकड़ों भक्तों ने गौशाला में आकर गौ माता का पूजन कर गौ माताओं का आशीर्वाद लिया।

अग्रसेवा गौशाला में उमड़ा श्रद्धा-भक्ति का सैलाब

अग्रसेवा गौशाला, ग्राम तर्रा में गोपाष्टमी पर्व हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। जिसमें अग्रसेवा सोसायटी के सदस्य, दानदाता, गौभक्त एवं आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 9 बजे गौ माता के स्नान, श्रृंगार एवं तिलक के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सामूहिक गौ पूजन से हुआ। गौ माता को पुष्प, अक्षत, गुड़ एवं हरा चारा अर्पित कर आरती की गई। भगवान श्रीकृष्ण का पूजन कर सवामणी का भोग लगाया गया।

इस अवसर पर दो सेवा स्थलों का लोकार्पण भी हुआ। गौ आशियाना-6 का निर्माण स्व. अर्णव अग्रवाल स्मृति में रामकुमार मदनलाल अग्रवाल (चांदी वाले) ने कराया। वहीं सप्त गौ माता पूजन एवं परिक्रमा धाम का निर्माण स्व. हरीशचंद्र अग्रवाल की स्मृति में चिमनलाल अग्रवाल ने कराया। पहली बार परिक्रमा धाम में सात गौ माताओं का पूजन कर नई परंपरा का शुभारंभ हुआ।

51 सहयोगियों के सहयोग से गौ माता को 56 प्रकार का छप्पन भोग अर्पित किया गया, जिसमें हरी सब्जियां, भाजी, दाल, फल, खली, घास, चोकर सहित पौष्टिक सामग्री शामिल थी। दोपहर 12 से शाम 6:30 बजे तक विशाल भंडारा चला, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रसाद ग्रहण किया।

About the author

मीडिया एमपीसीजी