देश

आज अक्षय फल देने वाली आंवला नवमी

इस पर्व विशेष तिथि को अक्षय नवमी भी कहा गया है

रायपुर। कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की नवमी अक्षय नवमी या आंवला नवमी कहलाती है। इस वर्ष आंवला नवमी बुधवार, 18 नवम्बर को है। इस दिन स्नान, पूजन, तर्पण तथा अन्न आदि के दान से अक्षय फल की प्राप्ति होती है। महिलाएं इस दिन आंवला वृक्ष के नीचे बैठकर संतान की प्राप्ति व उसकी रक्षा के लिए पूजा करती हैं। आंवला नवमी के दिन परिवार सहित आंवले के वृक्ष के नीचे बैठकर भोजन करने की भी प्रथा है। इस दिन भगवान विष्णु के प्रिय आंवले के पेड़ की पूजा करने का विधान भी है।

ऐसी धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक शुक्ल नवमी से पूर्णिमा तक भगवान विष्णु आंवले के पेड़ पर निवास करते हैं, इसलिए इस दिन आंवले के पेड़ की पूजा की जाती है। साथ ही आत्मिक उन्नति के लिए अन्न, वस्त्र, कपड़े आदि का दान आदि करना चाहिए।

अक्षय नवमी पर दान का मिलता है अक्षय पुण्य: पं. मनोज शुक्ला

मां महामाया मंदिर रायपुर के ज्योतिषी पंडित मनोज शुक्ला ने बताया कि पौराणिक मान्यता के अनुसार कार्तिक शुक्ल पक्ष की नवमी से लेकर पूर्णिमा तक भगवान विष्णु आंवले के पेड़ पर निवास करते हैं। इस दिन आंवला पेड़ की पूजा-अर्चना कर दान पुण्य करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। अन्य दिनों की तुलना में नवमी पर किया गया दान-पुण्य कई गुना अधिक लाभ दिलाता है। इसी परिप्रेक्ष्य में धर्मशास्त्री पं. चन्द्रभूषण शुक्ला ने बताया कि ऐसी मान्यता है कि आंवला पेड़ की पूजा कर 108 बार परिक्रमा करने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। पूजा-अर्चना के बाद खीर, पूड़ी, सब्जी और मिष्ठान्न आदि का भोग लगाया जाता है। इस दिन महिलाएं अक्षत, पुष्प, चंदन आदि से पूजा-अर्चना कर पीला धागा / मोलिधागा लपेट कर आंवला वृक्ष की परिक्रमा करती हैं। धर्मशास्त्र के अनुसार इस दिन स्नान, दान, यात्रा करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है।

About the author

मीडिया एमपीसीजी