नशे को मात, विरासत के साथ: माय भारत और एसएआई की संयुक्त पहल
150 से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा, खेलों के साथ नशामुक्त रहने का संकल्प
रायपुर। रस्साकशी में जोर आजमाते, कबड्डी में दमखम दिखाते और गिल्ली-डंडा खेलते युवाओं ने रविवार को रायपुर में स्वस्थ और नशामुक्त जीवन का संदेश दिया। छत्रपति शिवाजी महाराज आउटडोर स्टेडियम, बूढ़ातालाब में माय भारत और भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 150 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ के 100 सप्ताह के अभियान के छठे सप्ताह में आयोजित इस कार्यक्रम की थीम थी—ह्यपारंपरिक खेल: हमारी विरासत, हमारे खेल, हमारा गौरव।ह्ण आयोजन ने युवाओं को भारतीय खेल परंपराओं से जोड़ते हुए शारीरिक सक्रियता, अनुशासन और नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
रस्साकशी, कबड्डी और गिल्ली-डंडा के साथ योग एवं रस्सी कूद की गतिविधियां भी हुर्इं। माय भारत के युवा स्वयंसेवकों, एसएआई के एथलीटों और राज्य खेल प्राधिकरण के खिलाड़ियों ने इनमें सक्रिय सहभागिता की। सामूहिक खेलों के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, आपसी सहयोग बढ़ाने और अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने की। इस अवसर पर माय भारत के राज्य निदेशक अर्पित तिवारी, सहायक निदेशक रमन पटेल, एसएआई के हाई परफॉर्मेंस कोच कुशल चंद्र त्रिपाठी, सतीश दुबे, रेणु पारिक, दुर्गा महाविद्यालय से सुनीता चंसोरिया, पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष प्रो. राजीव चौधरी तथा साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ महेंद्र राजपूत उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में दुर्गा महाविद्यालय के माय भारत स्वयंसेवकों ने नशामुक्ति पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को उजागर करते हुए युवाओं को स्वस्थ जीवन अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया। साथ ही, सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्ति की शपथ ली। युवाओं ने स्वयं नशे से दूर रहने, दूसरों को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।