धर्म • संस्कृति

श्रीकृष्ण के जन्म से महारास के प्रसंगों पर दी गई दिव्य प्रस्तुतियां

गुढ़ियारी माहेश्वरी महिला संगठन ने धूमधाम से मनाई शरद पूर्णिमा

रायपुर। गुढ़ियारी माहेश्वरी महिला संगठन द्वारा शरद पूर्णिमा महोत्सव के उपलक्ष्य में ‘कृष्णगाथा- 16 कलाओं से युक्त श्रीकृष्ण का दिव्य स्वरूप’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। महेश भवन, गुढ़ियारी में आयोजित इस महोत्सव की शुरुआत महेश वंदना व दीप प्रज्वलन से हुई। अतिथियों के स्वागत के पश्चात गणेश वंदना प्रस्तुत की गई। मुख्य आकर्षण रहा- कार्यक्रम ‘कृष्णगाथा- 16 कलाओं से युक्त श्रीकृष्ण का दिव्य स्वरूप।’ जिसमें भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से महारास तक की दिव्य प्रस्तुतियां दी गर्इं।

महिला मंडल की बहनों एवं बच्चों द्वारा श्रीकृष्ण के 16 कलाओं से युक्त दिव्य स्वरूप का वर्णन करते हुए श्रीकृष्ण जन्म से लेकर माखन चोरी, बाल लीलाओं एवं शरद पूर्णिमा के पावन महारास तक की मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की गई, जिसे देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।

कार्यक्रम में धार्मिक / पौराणिक थीम पर बच्चों द्वारा मनमोहक फैंसी ड्रेस प्रस्तुति भी दी गई। छोटे-छोटे बच्चे राधा-कृष्ण, मीरा, नारद एवं अन्य पौराणिक वेश में सजकर आए, जिन्होंने सबका मन मोह लिया। कार्यक्रम की अध्यक्ष भावना राठी व सचिव संगीता मालाणी ने सभी का आभार व्यक्त किया। आयोजन स्थल पर सभी के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था रखी गई थी। इस अवसर पर महेश भवन ट्रस्ट, माहेश्वरी समाज, माहेश्वरी महिला संगठन एवं माहेश्वरी युवा संगठन के सभी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाज जन सपरिवार सम्मिलित हुए।

About the author

मीडिया एमपीसीजी