रायपुर। छत्तीसगढ़ युवा विकास संगठन के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ी ब्राह्मण समाज विप्र सांस्कृतिक भवन प्रबंध समिति द्वारा शरद पूर्णिमा महोत्सव उत्साह और आनंद के साथ मनाया गया। इस अवसरपर मुख्य अतिथि लवली शर्मा (कुलपति- राजकुमारी इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़), विशिष्ट अतिथि टीपी शर्मा (सेवानिवृत्ति प्रमुख लोकायुक्त छत्तीसगढ़) एवं गोल्डन बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रतिनिधि सोनम शर्मा ने लोक कलाकार राकेश तिवारी को गाबो बजाबो गुठियाबो के 600 एपिसोड बनाने का रिकॉर्ड बनने पर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि लोक कलाकार तिवारी को राष्ट्रपति सम्मान के अलावा लक्ष्मण मस्तुरिया स्मृति सम्मान से भी नवाजा जा चुका है।
विप्र सांस्कृतिक भवन प्रबंध समिति के अध्यक्ष नरेंद्र तिवारी एवं छत्तीसगढ़ युवा विकास संगठन के अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा ने बताया, इस अवसर पर छत्तीसगढ़ी ब्राह्मण समाज का मुख पत्र त्रैमासिक पत्रिका विप्र योग का विमोचन किया गया। पत्रिका के मुख्य संपादक अशोक तिवारी ने पत्रिका में विप्र समाज के विभूतियां के जीवन परिचय को शामिल करके छत्तीसगढ़ी ब्राह्मण समाज के प्रेरणा स्रोतों का स्मरण किया। इसके पूर्व सांस्कृतिक कार्यक्रम में समाज के बच्चों द्वारा आकर्षक नृत्य और संगीत का कार्यक्रम ने सबका मन मोह लिया। इसके बाद कवि सम्मेलन में शशि सुरेंद्र दुबे के संचालन में संध्या रानी शुक्ला, सुमन शर्मा बाजपेई, डॉ. सीमा निगम, इरफान खान और राकेश तिवारी के कविताओं से श्रोतागण देर रात तक साहित्य के सागर में गोते लगाते रहे।
कवि सम्मेलन का प्रारंभ इरफान खान ने सरस्वती वंदना से किया। अब तो हम पर कृपा करो शारदे, खाली झोली हमारी भर दे शारदे… इन मधुर सुरों का गायन कर इरफान खान ने खूब तालियां बटोरी। महोत्सव के संयोजक अविनाश शुक्ला ने विप्र समाज को शरद पूर्णिमा की बधाई देते हुए बताया कि प्रत्येक वर्ष विप्र भवन द्वारा शरद पूर्णिमा का आयोजन आनंद देने वाला और यादगार रहता है। इस आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रम संचालक भारती किरण शर्मा और कवि सम्मेलन आयोजन का दायित्व संध्या रानी शुक्ला ने सम्हाला। साथ ही विप्र शक्ति महिला मंडल अध्यक्ष सरिता शर्मा, प्रीति शुक्ला, विभा तिवारी सहित समस्त सदस्यों की इसमें सहभागिता रही। कार्यक्रम उपरांत छत्तीसगढ़ी ब्राह्मण समाज के सदस्यों ने खीर प्रसाद एवं सुरुचि भोज ग्रहण किया।