छत्तीसगढ़

इन्द्रेश महाराज की भागवत कथा सोमवार से कृषि मंडी में

रायपुर। श्रीमद् भागवत कथा आयोजन समिति रायपुर के तत्वावधान में 21 से 27 सितंबर तक देवेंद्रनगर स्थित कृषि उपज मंडी ग्राउंड में प्रख्यात भागवताचार्य इंद्रेश महाराज की वाणी से सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। जिसका शुभारंभ सोमवार, 21 सितंबर को कृषि उपज मंडी के सामने, देवेंद्र नगर स्थित श्रीराम जानकी मंदिर से प्रात: 10 बजे भव्य मंगल कलश यात्रा निकालकर किया जाएगा। यह कथा प्रतिदिन दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक होगी। यह मंगल कलश यात्रा क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होते हुए कथा स्थल- मंडी ग्राउंड, देवेंद्रनगर पहुंचेगी। आयोजन समिति के प्रमुख सेवादार गुंजन प्रजापति ने बताया, इस सप्ताहव्यापी पावन ज्ञान यज्ञ के दौरान श्रीमद्भागवत महापुराण के विभिन्न गूढ़, आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायी प्रसंगों का संगीतमय वर्णन होगा। कथा श्रवण के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन समिति द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। कथा स्थल पर विशाल व सुरक्षित वाटरप्रूफ डोम, समुचित बैठक व्यवस्था, शीतल व शुद्ध पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा एवं सुरक्षा आदि के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

About the author

मीडिया एमपीसीजी