रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर सभागृह में शालेय विद्यार्थियों के लिए नगर स्तरीय निबंध लेखन और चित्रकला स्पर्धा आयोजित की गई। जिसमें क्रेयॉन कलर और ऐक्रेलिक पेंट लेकर बच्चों ने गणपति की एक से बढ़कर एक पेटिंग बनाई। कुछ बच्चों ने तो पेंसिंल स्क्रैच कर बप्पा को इतना सुंदर रूप दिया कि निर्णायकों को उत्तम चुनने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। स्पर्धा में विजयी बच्चों को मंडल की युवा समिति की ओर से प्रमाण पत्र और प्रथम-द्वितीय आने वाले बच्चों को पुरस्कार दिए गए। महाराष्ट्र मंडल की युवा समिति की समन्वयक डॉ. शुचिता देशमुख ने बताया कि युवा समिति की ओर से कलरिंग, निबंध, सुलेख स्पर्धा में मंडल के संत ज्ञानेश्वर स्कूल के बच्चों के साथ रेडियंट-वे पब्लिक स्कूल, लक्ष्मी नारायण स्कूल, विजन पब्लिक स्कूल, मायाराम सुरजन और गुजराती स्कूल के बच्चों ने भाग लिया।
श्रीगणेश के स्कैच में रंग भरने की स्पर्धा में रेडियंट-वे की काव्या शर्मा विजेता और प्रिया पारधी उप विजेता रहीं। वहीं महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर विद्यालय की विद्या रोहिदास ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। पहली से पांचवीं कक्षा तक के बच्चों के लिए दो वर्गों में हुई चित्रकला स्पर्धा में रेडियंट-वे की परिधि पांडे अव्वल, विजन पब्लिक स्कूल के अनय विश्वकर्मा द्वितीय और संत ज्ञानेश्वर विद्यालय की प्रियल ठक्कर तृतीय रहीं। इसी तरह 6वीं से 8वीं क्लास के बच्चों में रेडियंट-वे के तेजाश्री दास प्रथम, गुजराती स्कूल के निखिल पटेल द्वितीय और रेडियंट-वे के अवनीश वर्मा तृतीय रहे। निबंध में प्रेरणा दीवान प्रथम, रिद्धी साहू द्वितीय और तेजस्वनी यादव तृतीय रहीं।