रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के शहीद मेजर यशवंत गोरे स्मृति गणेशोत्सव के चौथे दिन शालेय स्तरीय वाद-विवाद स्पर्धा आयोजित की गई। ‘सोशल मीडिया ने मानव संचार को बेहतर बनाया’ विषय पर हुई इस स्पर्धा में विषय के पक्ष में बोल रहे वक्ताओं ने कहा कि सोशल प्लेटफार्म आने के बाद सूचनाओं का आदान-प्रदान काफी कम समय यानी चंद सेकंड में सिमट कर रह गया, इससे सुविधाएं काफी बढ़ गई हैं। वहीं विपक्ष के प्रतिभागियों ने सोशल मीडिया के इस्तेमाल से दूर होती आत्मीयता पर सवाल खड़े किए। विपक्ष ने कहा कि आज हर घर की यही स्थिति है कि एक कमरे में घर के चार सदस्य बैठे हैं और सभी अपने-अपने मोबाइल स्क्रॉल कर रहे हैं, ऐसे में बच्चों की माता-पिता के साथ आत्मीयता ही खत्म होते जा रही है। इस स्पर्धा में संत ज्ञानेश्वर विद्यालय, लक्ष्मी नारायण विद्यालय, गुजराती स्कूल के बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। निर्णायक मंडल में शामिल सेवानिवृत्त प्राचार्य श्यामल जोशी, सेवानिवृत्त शिक्षिका कुमुद लाड और वरिष्ठ पत्रकार रविंद्र ठेंगड़ी द्वारा घोषित परिणाम के अनुसार स्पर्धा के पक्ष में गुजराती स्कूल की पायल साहू और विपक्ष में संत ज्ञानेश्वर स्कूल के तन्मय भगाड़े विजयी रहे। संत ज्ञानेश्वर की डिंपल अवधिया और लक्ष्मी नारायण विद्यालय की पीहू सोना संयुक्त रूप से उप विजता रहीं।