रायपुर शिक्षा स्वास्थ्य

एनआईटी रायपुर में हुआ रक्तदान शिविर का आयोजन

Written by Tukeshwar Lodhi

रायपुर- राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर में 25 मार्च 2023 को “रक्तदान शिविर” का आयोजन किया गया। रक्तदान शिविर का आयोजन संस्थान के सहयोग क्लब एवं आईसीआरसी (इंटरनेशनल कमिटी ऑफ़ रेड क्रॉस) द्वारा सयुंक्त रूप से किया गया। रक्तदान शिविर का संचालन टीम सहयोग के प्रोफेसर-इन-चार्ज डॉ. रवि के. जड़े के मार्गदर्शन में किया गया।

रक्तदान शिविर के प्रति छात्रों को जागरूक करने के लिए 24 मार्च 2023 को संस्थान की टीम सहयोग द्वारा आईसीआरसी के साथ मिलकर “हेल्थ एंड अवेर्नेस सेशन ऑन ब्लड डोनेशन” का आयोजन किया गया था, जिसके मुख्य वक्ता आईसीआरसी के स्टेट कंसलटेंट श्री सुदीप श्रीवास्तव थे। उन्होंने रक्तदान के महत्व और आवश्यकता के बारे में बताया और अपने उत्साहजनक शब्दों के साथ दर्शकों को ब्लड डोनेशन कैंप में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने रक्तदान से संबंधित अफवाहों के बारे में भी बताया और रक्तदान के बारे में जागरूकता फैलाई। सत्र का समापन सभी दर्शकों द्वारा रक्तदान संकल्प के साथ हुआ।

25 मार्च को रक्तदान शिविर का शुभारंभ डॉ. रवि के. जड़े के द्वारा रिबन कटिंग सेरेमनी के साथ किया गया और शिविर के आरंभ होने के साथ ही भारी मात्रा में छात्रों ने शिविर में अपना योगदान दिया और रक्तदान किया। रक्तदान के लिए आईसीआरसी से डॉक्टरों की टीम मौजूद रही, जो रक्तदान करने वाले छात्रों की स्क्रीनिंग कर रही थी। शिविर के दौरान संस्थान के डीन,फैकल्टी वेलफेयर डॉ. देबाशीष सान्याल और डीन,स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. नितिन जैन भी मौजूद रहे और उन्होंने रक्तदान शिविर के लिए टीम सहयोग की सराहना की। शिविर में संस्थान के छात्रों के साथ फैकल्टी के सदस्यों, गार्ड्स और संस्थान के बाहर के लोगों ने भी भाग लिया और रक्तदान किया । रक्तदान करने वालों को टीम सहयोग और आईसीआरसी द्वारा रेड क्रॉस सर्टिफिकेट और गिफ्ट प्रदान किए गए।

रक्तदान शिविर का समापन टीम सहयोग द्वारा इंटरनेशनल कमिटी ऑफ़ रेड क्रॉस के चेयरमैन मि. अशोक अग्रवाल और कमिटी के बाकी सदस्यों को मोमेंटो वितरण कर किया गया, जहाँ मि. अशोक अग्रवाल ने रक्तदान शिविर के लिए टीम सहयोग एवं संस्थान का धन्यवाद किया।

About the author

Tukeshwar Lodhi