50 से अधिक प्रतिभागियों को पीछे छोड़ हासिल की फर्स्ट पोजीशन
रायपुर। दुर्ग की बेटी और रायपुर की बहू दीपाक्षा जैन ने ‘वीएमएस प्रेजेंट्स मिस एंड मिसेज इंडिया यूनिवर्स- सीजन 7’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘मिसेज इंडिया यूनिवर्स एशिया 2026’ का प्रतिष्ठित विजेता खिताब अपने नाम कर लिया। देशभर से आए 50 से अधिक प्रतिभाशाली प्रतिभागियों के बीच हुए कड़े मुकाबले में दीपाक्षा जैन ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और शानदार प्रदर्शन के दम पर सभी प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान हासिल किया और विनर का ताज अपने नाम किया। उनकी यह उपलब्धि एशिया स्तर पर मिली एक प्रतिष्ठित पहचान के रूप में सामने आई है और इस जीत के साथ उन्होंने छत्तीसगढ़ का नाम गौरवान्वित किया।
दो साल के नन्हे बच्चे की मां व गृहिणी हैं दीपाक्षा
दो साल के नन्हे बच्चे की मां होने के साथ घर-परिवार की जिम्मेदारियां निभाते हुए दीपाक्षा ने अपने सपनों को कभी रुकने नहीं दिया। एक मां, पत्नी, शिक्षिका और उद्यमी के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाते हुए उन्होंने अपने जुनून को जिंदा रखा और आखिरकार अपने सपने को हकीकत में बदल दिया।
तीन प्रमुख राउंड में दिखाया हुनर
वीएमएस सीजन 7 में दीपाक्षा ने अलग-अलग राउंड में अपने व्यक्तित्व और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। ‘टैलेंट राउंड’ में उन्होंने मां, बच्चे और परिवार के खूबसूरत रिश्ते को नृत्य माध्यम से भावनात्मक रूप से प्रस्तुत किया। वहीं ‘क्रिएटिविटी राउंड’ में उन्होंने अपनी विशेष रूप से तैयार की गई प्रस्तुति और ड्रेस के माध्यम से एक बेटी से पत्नी, पत्नी से मां और फिर अपने सपनों के लिए संघर्ष करने वाली महिला की पूरी यात्रा को दर्शाया। इसके बाद ‘क्वेश्चन-आंसर राउंड’ में उनकी ग्रेसफुल वॉक, पर्सनालिटी, ड्रेसिंग सेंस और ओवरआॅल कॉन्फिडेंस ने भी निर्णायकों को प्रभावित किया। दीपाक्षा जैन जैनम एकेडमी की फाउंडर भी हैं, जहां वे बच्चों को शिक्षा, संस्कार और बेहतर भविष्य की दिशा देने के लिए कार्य कर रही हैं। इसके माध्यम से वे 50 से अधिक जरूरतमंद व आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा प्रदान कर रही हैं। इस सफलता में उनके पति अतुल जैन, मां माया, नन्हे बेटे और पूरे परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। घर लौटने पर उनका बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया। दीपाक्षा ने अपनी इस उपलब्धि के लिए वीएमएस के सूत्रधार कविता व जितेंद्र का विशेष आभार व्यक्त कर कहा कि इस मंच ने उन्हें अपनी कहानी, प्रतिभा और सपनों को दुनिया के सामने रखने का अवसर दिया।






