रायपुर। हिंदी पखवाड़ा और सेवा संकल्प सप्ताह के अंतर्गत अपनी राजभाषा के प्रचार-प्रसार निमित्त लायंस क्लब रायपुर नमन द्वारा शहर में शाला स्तरीय हिन्दी कविता लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 14 स्कूलों के 130 बच्चों ने भाग लिया। अध्यक्ष लायन मधु यादव ने बताया कि स्पर्धा में अर्पण दिव्यांग स्कूल और कोपलवाणी स्कूल के बच्चों की सहभागिता उल्लेखनीय रही। बच्चों में होड़ लगी रही कि ‘राष्ट्र के माथे की बिंदी हमारी अपनी हिंदी’ विषय पर कौन कितना अच्छा और सच्चा लिख सकता है। सभी सवा सौ बच्चों ने अपनी कलम के जादू से निर्णायक मंडल का मन मोह लिया। जूनियर ग्रुप से भावना चेलक, मोनिका यादव, जिया सोनी, वतन साहू, शिजा फातिमा, वर्णिका यादव विनर रहे। वहीं सीनियर समूह से तनुश्री साहू, संस्कार पटेल, भूमिका साहू, सारिका सोनकर, रिद्धि साहू और रोशनी दास ने बाजी मारी।गुरुकुल प्रेक्षागृह, लक्ष्मीनारायण कन्या शाला कालीबाड़ी में आयोजित पुरस्कार वितरण की मुख्य अतिथि शोभा मोहता डायरेक्टर- सुलेख ज्ञान मंदिर, विशेष अतिथि शोभा खंडेलवाल सचिव- शाला प्रबंधन समिति और मनीषा गहोई प्राचार्य- लक्ष्मीनारायण कन्या शाला ने विजेताओं को सर्टिफिकेट और मोमेंटो देकर पुरस्कृत किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में लायंस क्लब रायपुर नमन से किरण यादव, मीना वाधवा, पिंकी यादव, डॉ. शेषा सक्सेना, सरोज शैफी, पद्मा राव, शैलेश कोहली, आरती तमंग की सक्रिय भूमिका रही। शाला स्टाफ और प्राचार्या संध्या दुबे ने आभार प्रकट किया।