अपनी सक्रियता और सेवाभावी कार्यों के लिए कुमुद आज भी समाज के लिए हैं प्रेरणास्रोत
रायपुर। वरिष्ठ शिक्षाविद् और लक्ष्मी नारायण उ.मा. विद्यालय की सेवानिवृत्त व्याख्याता कुमुद लाड को एमडी एजुकेशन सोसायटी सरायपाली और कलिंगा यूनिवर्सिटी की ओर से राज्य स्तरीय मंच पर ‘लाइफ टाइम एजुकेशन अचीवमेंट अवार्ड 2026 एवं एजुकेशन स्कल्पटर अवार्ड 2026’ से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य और बालिका शिक्षा को लेकर किए जा रहे सतत् प्रयासों के लिए राज्य शिक्षा आयोग के अध्यक्ष सुधीर गौतम एवं कलिंगा यूनिवर्सिटी के कुलसचिव डॉ. संदीप गांधी के हाथों प्रदान किया गया।
वे महाराष्ट्र मंडल रायपुर की आजीवन सदस्य एवं साहित्य समिति की संयोजिका भी हैं। यह सम्मान समारोह एम.डी. एजुकेशन सोसायटी, सरायपाली एवं कलिंगा यूनिवर्सिटी रायपुर के सहयोग से रविवार को कलिंगा यूनिवर्सिटी सभागृह रायपुर में आयोजित था। महाराष्ट्र मंडल की साहित्य समिति की समन्वयक कुमुद लाड को मिले इस सम्मान पर मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले, उपाध्यक्ष गीता दलाल सहित पूरी कार्यकारिणी, पदाधिकारी व आजीवन सभासदों ने उन्हें बधाई दी है। साथ ही उनके सेहतमंद, सेवाभावी व वैभवशाली जीवन की कामना की है। साहित्य समिति की समन्वयक कुमुद के नेतृत्व में ही रविवार सुबह महाराष्ट्र मंडल में मराठी अभिनव वाचक स्पर्धा और स्वतंत्र विषय पर मराठी पत्र लेखन स्पर्धा भी हुई। मृदभाषी कुमुद लाड को इससे पहले भी राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर दो दर्जन से अधिक सम्मानों से नवाजा जा चुका है। बालिका शिक्षा से लेकर मराठी भाषा के प्रचार तक को लेकर उनकी सक्रियता और किए जा रहे कार्य आज भी प्रेरक बने हुए हैं। उम्र के इस पड़ाव में भी उनमें डाक टिकटों के संग्रह का शौक बरकरार है।