जनता के मुद्दों पर कांग्रेस का बड़ा आंदोलन, 17 मार्च को विधानसभा घेराव – डॉ. शिव कुमार डहरिया
प्रदेश में मनरेगा नियमों में किए गए संशोधन, रसोई गैस संकट, धान खरीदी में कथित भ्रष्टाचार, बढ़ती बेरोजगारी और अपराध के मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. शिव कुमार डहरिया ने बताया कि इन सभी जनहित के मुद्दों के विरोध में 17 मार्च को रायपुर में विधानसभा घेराव किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता इन दिनों कई समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सरकार इन पर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही है। मनरेगा में किए गए नए संशोधनों से ग्रामीण मजदूरों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है।
डॉ. डहरिया ने यह भी कहा कि प्रदेश के कई क्षेत्रों में रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर परेशानी बनी हुई है, जिससे आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
धान खरीदी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें व्यापक स्तर पर अनियमितताएं सामने आ रही हैं, जिससे किसानों को नुकसान हो रहा है।
वहीं प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी और अपराध की घटनाओं को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई और कहा कि इससे आम जनता में असुरक्षा का माहौल बन रहा है।
डॉ. डहरिया ने कहा कि इन मुद्दों को लेकर जनता में भारी आक्रोश है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से 17 मार्च को रायपुर पहुंचकर विधानसभा घेराव में शामिल होने की अपील की, ताकि सरकार तक जनता की आवाज मजबूती से पहुंचाई जा सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन जनता के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए किया जा रहा है और जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

