रायपुर। जातीय जनगणना के संबंध में सामाजिक प्रतिनिधियों द्वारा माननीय प्रधानमंत्री के नाम कलेक्टर, रायपुर (छ.ग.) के माध्यम से ज्ञापन सौंपने की पहल की गई।
ज्ञापन में ओबीसी महासभा के रायपुर संभाग एवं जिला के कार्यकारिणी सदस्यों ने भारत सरकार गृह मंत्रालय के जनगणना कार्यनिदेशालय छत्तीसगढ़ द्वारा उप महा रजिस्ट्रार , महा रजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय नई दिल्ली को लिखा गया पत्र क्र. :आई – 11011/29/2018/जन/डी सी ओ (छग) के संदर्भ में आगामी जनगणना के संगणन तालिका जिसमें वर्तमान में सिर्फ SC एवं ST वर्गों का संगणन है, पूर्णरूप से OBC वर्ग का कॉलम भी SC, ST सहित विभिन्न सामाजिक एवं जातीय वर्गों के लिए पृथक-पृथक कॉलम/श्रेणी उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
प्रतिनिधियों का कहना है कि यदि जनगणना प्रपत्र में विभिन्न सामाजिक वर्गों की जानकारी के लिए स्पष्ट एवं पृथक कॉलम शामिल किए जाते हैं, तो देश की जनसंख्या की सामाजिक संरचना से संबंधित अधिक विस्तृत और तथ्यात्मक आंकड़े उपलब्ध हो सकेंगे। इन आंकड़ों का उपयोग सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति के अध्ययन तथा जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों के निर्माण में किया जा सकता है। ज्ञापन के माध्यम से मांग रखी गई कि जनगणना प्रक्रिया में देश की सामाजिक विविधता को उचित रूप से दर्ज करने की व्यवस्था की जाए, ताकि विभिन्न वर्गों से संबंधित वास्तविक जनसंख्या संबंधी आंकड़े एकत्रित हो सकें।
इस अवसर पर हेमंत साहू, पंचराम सोनी, किशोर सोनी, चार्टर्ड इंजीनियर लाल बहादुर यादव एवं डॉ. विजय देवांगन सहित अन्य सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रतिनिधियों ने कहा कि यह मांग तथ्यात्मक जनगणना, सामाजिक पारदर्शिता और संवैधानिक प्रक्रिया के अनुरूप आंकड़ों के संकलन से संबंधित है तथा इस विषय पर शासन स्तर पर आवश्यक विचार किए जाने का अनुरोध किया गया है।