अखंड ब्राह्मण समाज सेवा समिति ने आयोजित किया सामूहिक पितृ तर्पण कार्यक्रम
रायपुर। अखंड ब्राह्मण समाज सेवा समिति छत्तीसगढ़ द्वारा विप्र जागरण प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष पंडित ओम दीक्षित के निर्देशन में पितृमोक्ष अमावस्या (सर्वपितृ अमावस्या) के पावन अवसर पर महादेव घाट स्थित खारुन नदी के तट पर विधि-विधानपूर्वक पितृ तर्पण कार्यक्रम संपन्न हुआ।
समिति के प्रदेश अध्यक्ष योगेश तिवारी ने बताया कि सर्वपितृ अमावस्या पर उन सभी ज्ञात-अज्ञात, भूले-बिसरे एवं दिवंगत पूर्वजों के निमित्त तर्पण किया गया, जिनकी मृत्यु तिथि ज्ञात नहीं है अथवा किसी कारणवश निर्धारित तिथि पर जिनका श्राद्ध नहीं हो पाया है। इस अवसर पर पांच पंडितों द्वारा वैदिक रीति-रिवाजों एवं पूर्ण विधि-विधान के साथ पितरों का तर्पण संपन्न कराया गया।
प्रदेश मीडिया प्रभारी कान्हा तिवारी ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य दिवंगत पूर्वजों के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता एवं सम्मान व्यक्त करना तथा सनातन धर्म की पितृ परंपरा और धार्मिक संस्कारों के प्रति जनजागरण करना रहा। इस अवसर पर पंडित बसंत तिवारी, पंडित ओम दीक्षित, पंडित धनेश तिवारी, पंडित ओंकार तिवारी, पंडित राहुल, निवेदिता मिश्रा, भारती अवतार शर्मा, सविता शर्मा, प्रीति झा, डॉ. शैलेश शर्मा, रामावतार शर्मा, माणिक्य मिश्रा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।