रायपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में गायत्री शक्तिपीठ समता कॉलोनी, रायपुर के प्रांगण में पितृ मोक्ष अमावस्या के पावन अवसर पर सामूहिक श्राद्ध एवं तर्पण का कार्यक्रम अत्यंत श्रद्धा और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ।
गायत्री परिवार के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी श्याम बैस ने बताया कि इस अवसर पर 237 श्रद्धालुओं एवं उनके परिवारजनों ने अपने पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। परिव्राजक नरेन्द्र आडिल ने पूरे विधि-विधान और पवित्रता के साथ सभी उपस्थित जनों को तर्पण कराया, जिससे पूरा वातावरण मंत्रमुग्ध और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो गया।
श्री बैस ने कहा कि गायत्री परिवार हमेशा से शिक्षा, संस्कार, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को लेकर समर्पित रहा है। संस्था का मानना है कि मनुष्य में देवत्व का उदय और धरती पर स्वर्ग अवतरण का मार्ग अच्छे संस्कारों और शिक्षा के बिना अधूरा है। गायत्री परिवार लोगों को न केवल धार्मिक व आध्यात्मिक रूप से जोड़ता है, बल्कि समाज में नैतिक शिक्षा, पर्यावरण चेतना और जन-कल्याण की भावना को भी जागृत करता है। इस सामूहिक अनुष्ठान ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि हमारी सनातन परंपराएं प्रकृति और समाज के प्रति हमारी जवाबदेही को और अधिक मजबूत करती हैं।
इस अवसर पर गायत्री शक्ति पीठ के सहायक प्रबंध ट्रस्टी सदाशिव हथमल, ट्रस्टी दीनानाथ शर्मा, दावाड़ा काॅलोनी शक्ति पीठ के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी सुखदेव देवांगन, सनमान सिंह, मीडिया प्रभारी प्रज्ञा प्रकाश निगम, दिया प्रभारी अमित डोये, सुश्री चंद्रा मुदलियार, डी.पी. च्रंदाकर, नारायण यदु, रामपाल तिवारी, घनश्याम केशरवानी, कोमल साहू, अजय साहू सहित अनेक गायत्री परिजन उपस्थित थे।