रायपुर। पितृपक्ष के पावन अवसर पर कृष्ण मित्र फाउंडेशन द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सर्व पितृ मोक्ष अमावस्या के पावन अवसर पर विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।संस्था द्वारा उन ज्ञात-अज्ञात लोगों के लिए, जिनका मृत्यु संस्कार सरजू बांधा मुक्तिधाम में सम्पन्न हुआ है, उनकी आत्मा की शांति एवं मोक्ष प्राप्ति हेतु सामूहिक तर्पण, पिंडदान, शांति हवन एवं पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूरे विधि-विधान एवं मंत्रोच्चारण के साथ पंडित दीपक शर्मा जी ने समस्त कार्यक्रम को सम्पन्न कराया। यह कार्यक्रम शनिवार, 10 अक्टूबर को प्रातः 8:00 बजे से सोमेश्वर महादेव मंदिर परिसर, सरजू बांधा शमशान घाट के पास, टिकरापारा, रायपुर में सम्पन्न हुआ।
फाउंडेशन के पदाधिकारी रतन बैद और संजय चंद्राकर ने बताया कि आयोजन का यह छठवां वर्ष है। संस्था द्वारा लगातार लावारिस शवों का सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जा रहा है। यह आयोजन निःस्वार्थ भाव से किया जा रहा है ताकि उन दिवंगत आत्माओं को भी सम्मान और मोक्ष की प्राप्ति हो सके, जिनके परिजन किसी कारणवश यह संस्कार नहीं कर पाए।
इस अवसर पर दो गणमान्य नागरिकों ने भी अपने दिवंगत परिजनों की आत्मा की शांति हेतु फाउंडेशन के साथ शामिल होकर पिंडदान, तर्पण एवं श्राद्ध कार्य किया। संस्था के अध्यक्ष माधव लाल यादव, उपाध्यक्ष रतन बैद, सचिव गोवर्धन झंवर, कोषाध्यक्ष संजय चंद्राकर, वरिष्ठ सदस्य विजयपाल, मनीष ध्रुव, हरीश सारथी, अज्जू पटौदी, राजीव कश्यप, ऋषभ लोया, सोमेश यादव, राजू यादव, मीना यादव, रेखा झंवर, कलावती शुक्ला, प्रेम बाई धीवर, रिया यादव, राधिका यादव सहित अन्य सदस्य इस अवसर पर उपस्थित रहे।