पं. पार्थसारथी मुखर्जी के एकल तबला वादन का आनंद
[ विष्णु कृष्ण जोशी संगीत समारोह ]रायपुर। स्व.पण्डित विष्णु कृष्ण जोशी की जयंती समारोह में इस बार 24 नवंबर को संध्या 6 : 30 बजे बूढ़ापारा स्थित श्रीराम संगीत महाविद्यालय के सभागार में शास्त्रीय गायन के साथ-साथ एकल तबला वादन का आनंद लिया जा सकेगा। अंतर्राष्ट्रीय ख्याति के तबला वादक पं. पार्थसारथी मुखर्जी विशेष आकर्षण होंगे।
आयोजन के संदर्भ में महाकोशल संगीत समिति के संरक्षक, डॉ. विजय जोशी, अध्यक्ष – सुधांशु शेखर शुक्ला और कार्यक्रम संयोजक – राजेश गनोदवाले द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ में शास्त्रीय संगीत की शिक्षा पद्धति का सर्वप्रथम आरंभ करने वाले स्व.पण्डित विष्णु कृष्ण जोशी की जयंती में प्रतिवर्ष 24 नवम्बर को देश के नामवर कलाकारों को नगर के संगीत प्रेमियों को सुनवाने की परंपरा है। उसी कड़ी में इस वर्ष छत्तीसगढ़ के ही , लेकिन देश में सुपरिचित तबला वादक पार्थ सारथी मुखर्जी को सुना जा सकेगा। जिन्होंने अपने पिता एवं गुरु, पं.अशोक कुमार मुखर्जी के मार्गदर्शन में तबले की बुनियादी तालीम प्राप करने के बाद बनारस घराने के महान तबला वादक पंडित सामता प्रसाद सहित लखनऊ घराने के प्रख्यात तबला वादक पंडित स्वप्न चौधरी से भी गहन मार्गदर्शन पाया। स्पष्टता, तकनीकी दक्षता के साथ शास्त्रीय परंपरा की गहरी समझ पार्थसारथी मुखर्जी की विशेषता है। देश-विदेश में अनेक संगीत प्रस्तुतियों का उन्हें लम्बा अनुभव है। इस कलाकार के साथ हारमोनियम पर नगर के ही युवा कलाकार चंद्रभूषण वर्मा साथ देंगे। कार्यक्रम संगीत रसिकों हेतु है जिन्हें समिति ने आमंत्रित किया है।



