गांड़ा समाज के प्रतिनिधिमंडल ने लोकभवन राजभवन पहुंचकर दिया न्यौता
20 सितंबर को शहीद स्मारक भवन में होगा भव्य नुआखाई जुहार एवं सम्मान समारोह 2026
रायपुर, छत्तीसगढ़, 16 सितंबर 2026। गांड़ा समाज के प्रमुख लोकपर्व नुआखाई के पावन अवसर पर गांड़ा महिला महामंच द्वारा आगामी 20 सितंबर 2026 को राजधानी रायपुर के शहीद स्मारक भवन में आयोजित “नुआखाई जुहार” समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका को समाज के प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन पहुंचकर ससम्मान आमंत्रित किया।
गांड़ा महिला महामंच की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती सावित्री जगत के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने माननीय राज्यपाल रमेन डेका से सौजन्य भेंट की तथा उन्हें नुआखाई पर्व की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारंपरिक महत्ता से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने 20 सितंबर को आयोजित होने वाले नुआखाई जुहार एवं महिला सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर समाज को आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्रदान करने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि 20 सितंबर को शहीद स्मारक भवन में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं, युवा, वरिष्ठजन एवं सामाजिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम के माध्यम से समाज की संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, सामाजिक एकता और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का संदेश दिया जाएगा। माननीय राज्यपाल से मुलाकात करने वाले समाज के प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से गांड़ा महिला महामंच की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती सावित्री जगत, समाज के मुखिया रघुचन्द निहाल, बसंत बाघ एवं संजय सोनी शामिल थे।