खेल जगत • छत्तीसगढ़

ईपीएफओ की आंचलिक फुटबाल स्पर्धा में हरियाणा की टीम विजयी

रायपुर। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर द्वारा 23 से 25 अक्टूबर तक एन.एच. गोयल स्कूल के फुटबाल मैदान में ‘आंचलिक फुटबाल प्रतियोगिता (मध्य क्षेत्र) 2026’ आयोजित की गई, जिसमें दिल्ली, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ की कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की इन 5 टीमों ने भाग लिया।

पहले दिन का पहला मैच स्वागत समारोह के पश्चात छत्तीसगढ़ एवं हरियाणा के बीच हुआ, जिसे हरियाणा ने अपनी कुशल रणनीति के आधार पर जीता। दूसरा मैच जो कि सेमीफाइनल था, उत्तरप्रदेश ने मध्य प्रदेश के साथ खेला, जिसे उत्तरप्रदेश ने जीतकर फाइनल में स्थान बनाया। पहले दिन का तीसरा मैच दिल्ली एवं हरियाणा के मध्य खेला गया, जिसे हरियाणा ने जीतकर फाइनल में अपना स्थान सुरक्षित किया। रविवार 25 अक्टूबर को खेले गए फाइनल मैच में हरियाणा की टीम ने उत्तरप्रदेश के साथ खेलते हुए 2-1 से रोमांचक मैच जीतकर इस टूर्नामेंट में विजय हासिल की।

प्रतियोगिता की समाप्ति पर समापन समारोह में मुख्य अतिथि रूप में मुश्ताक प्रधान (पूर्व भारतीय फुटबॉलर एवं कोच), फुटबाल संघ के अध्यक्ष, शेरा फुटबाल क्लब के अध्यक्ष उपस्थित थे। समापन कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यालय प्रभारी जयवदन इंगले, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-1 ने की। उन्होंने विजेता टीम को बधाई देते हुए आॅल इंडिया टूर्नामेंट में प्रतिभागिता के लिए अपनी शुभकामनाएं दी तथा उपविजेता टीम उत्तरप्रदेश एवं अन्य टीमों को सार्थक प्रतिभागिता तथा खेल भावना का परिचय देने के लिए धन्यवाद देकर भविष्य में बेहतर खेल के लिए प्रोत्साहित किया। इस समापन समारोह में प्लेयर आॅफ द टूर्नामेंट सिंघराज- हरियाणा को पुरस्कृत किया गया।

About the author

मीडिया एमपीसीजी