देश

गोकर्ण-धुंधकारी प्रसंग सुन भावुक हुए श्रोता बरसते पानी में भी उमड़े श्रद्धालु

न्यू शांति नगर में श्रीमद् भागवत

रायपुर। न्यू शांति नगर स्थित मां वैष्णवी दुर्गा मंदिर में वृंदावन धाम वासी कथावाचक अभिनंदन महाराज की वाणी से इन दिनों श्रीमद् भागवत कथा प्रवाहमान है। मंगलवार से प्रारंभ हुई यह कथा अगले मंगलवार 8 सितम्बर तक चलेगी। बुधवार को कथा के दूसरे दिन तेज बारिश के बावजूद पंडाल में बैठे सैकड़ों श्रद्धालु मग्न होकर कथा श्रवण करते रहे। भागवत की सबसे प्रसिद्ध कथा गोकर्ण और धुंधकारी का वर्णन करते हुए उन्होंने बताया कि कैसे एक ही पिता के दो पुत्रों में से एक- गोकर्ण ज्ञानी और भगवान का भक्त बना, और दूसरा- धुंधकारी पापी बनकर प्रेत योनि में भटका। अंत में 7 दिनों तक भागवत कथा श्रवण करने से धुंधकारी जैसा महापापी भी वैकुंठधाम को प्राप्त हुआ। महाराजश्री ने कहा, जो पापी भी पाप से मुक्ति चाहे, वो श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण करे।

कथारसिकों से हनुमान अंश मूवी देखने निवेदन
कथा के दौरान महाराजश्री ने कहा, यदि व्यक्ति के जीवन में आज आध्यात्मिकता है, तो कहीं न कहीं ये उनके पूर्वजों की कृपा है। जैसे किसी पौधे की जड़ होती है, वृक्ष भी वैसा ही बनता है। उन्होंने कथारसिकों को ‘हनुमान अंश’ मूवी के बारे में बताते हुए कहा कि पहली बार सिनेमाघरों में ऐसी मूवी लगी है, जिसे देखने का निवेदन व्यास पीठ से किया जा सकता है। यह सनातन संस्कृति को आगे बढ़ाने वाली फिल्म है, हर सनातनी को परिवार सहित यह मूवी देखनी चाहिए। श्रद्धालुजन जीवन खत्म हुआ तो जीने का ढंग आया…और कुछ समय निकालो कान्हा के गुणगान के लिए… जैसे मधुर भजनों पर भावविभोर होते रहे। आरंभ में व्यास पीठ का पूजन मुख्य यजमान व निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश-यामिनी तिवारी ने किया। आयोजन समिति के अध्यक्ष विश्वनाथ ठाकुर, संरक्षक चिमन अग्रवाल, संगठन सचिव विनीत कुमार राय, वीरमणि व गौरव चौबे, यशवर्धन अग्रवाल आदि ने कथा अनुष्ठान की व्यवस्थाओं में महती भूमिका निभाई।

About the author

मीडिया एमपीसीजी