रायपुर। गांड़ा समाज की ओर से हाल ही में लोकपर्व नुआखाई को धूमधाम से मनाने की तैयारियों को लेकर एक वृहद सम्मेलन आयोजित किया। जिसमें हजारों की संख्या में समाज के महिला, पुरुष, युवा और वरिष्ठजन शामिल हुए। इस दौरान जुटे समाज जनों ने सामाजिक एकता, संस्कृति एवं भाईचारे का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए एकजुटता बनाए रखने का संदेश दिया। सम्मेलन में अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं प्रशासनिक क्षेत्र के गणमान्य जन भी सम्मिलित थे।
कार्यक्रम प्रभारी जितेंद्र तांडी ने इस मौके पर कहा कि आज की इस विशाल सहभागिता ने यह सिद्ध कर दिया है कि जब समाज एकजुट होकर आगे बढ़ता है तो उसकी संस्कृति और सामाजिक पहचान दोनों सशक्त होती है। उन्होंने समाज की मातृशक्ति और युवाओं से शिक्षा, संगठन और सामाजिक नेतृत्व में आगे आने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से विधायक सुनील सोनी, विधायक पुरंदर मिश्रा, सामाजिक कार्यकर्ता व अधिवक्ता भगवानू नायक, एल्डरमेन गोपाल सोना, सामाजिक नेत्री सावित्री जगत, पार्षद संजना संतोष हियाल, किशोर महानंद, रोनिता प्रकाश जगत, चक्रधारी जगत, नारायण बाघ, शंकर तांडी विशिष्ट अतिथि रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम संचालन समिति के सभी पदाधिकारी व सदस्य और बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं ने अपनी सक्रिय भागीदारी प्रदान की। कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी त्रिलोचन सोना व सूरज सोनी ने किया एवं आभार प्रदर्शन समाजसेविका ईश्वरी क्षत्रि ने किया।



