देश

एनसीसी कैडेट्स ने नंदनवन जंगल सफारी, जू का किया शैक्षणिक भ्रमण

रायपुर। 1-सीजी नेवल यूनिट एनसीसी, रायपुर द्वारा कोडार बांध जलाशय, महासमुंद में आयोजित 10 दिवसीय मेन्यू-2026 सेलिंग एक्सपीडिशन कैंप के अंतर्गत मंगलवार को 7वें दिन कैडेट्स के लिए एक विशेष शैक्षणिक एवं साहसिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कैडेट्स को नया रायपुर स्थित नंदनवन जंगल सफारी एवं चिड़ियाघर का भ्रमण कराया गया।

इस भ्रमण में कुल 60 एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भ्रमण का उद्देश्य कैडेट्स को नियमित प्रशिक्षण गतिविधियों से इतर वन्यजीवों, जैव विविधता, पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें प्रकृति के करीब लाकर उनके ज्ञान और अनुभव में वृद्धि करना रहा। इस अवसर पर ए.एस. राणा चीफ पेटी आॅफिसर, जगदीश बिष्ट पेटी आॅफिसर सहित यूनिट के अन्य स्टाफ व सदस्य उपस्थित रहे। सभी के मार्गदर्शन एवं सहयोग से यह शैक्षणिक एवं साहसिक भ्रमण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

भ्रमण के दौरान कैडेट्स ने जंगल सफारी एवं चिड़ियाघर में विभिन्न वन्यजीवों को करीब से देखा तथा उनके प्राकृतिक आवास, रहन-सहन और संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। इस शैक्षणिक भ्रमण ने कैडेट्स को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्रदान किया। साथ ही, सामूहिक भ्रमण के माध्यम से उनमें अनुशासन, आपसी सहयोग, नेतृत्व क्षमता एवं सामूहिक भावना को भी प्रोत्साहन मिला।

1 सीजी नेवल यूनिट एनसीसी, रायपुर द्वारा आयोजित इस सेलिंग एक्सपीडिशन कैंप में कैडेट्स को नौकायन प्रशिक्षण के साथ-साथ विभिन्न शैक्षणिक, साहसिक एवं व्यक्तित्व विकास संबंधी गतिविधियों से भी जोड़ा जा रहा है, ताकि उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, साहस और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित की जा सके।

About the author

मीडिया एमपीसीजी