दुर्गा कॉलेज में विकसित भारत युवा संसद 2026-27 का आयोजन
रायपुर। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की पहल माय भारत (मेरा युवा भारत) के तत्वावधान में मंगलवार को दुर्गा कॉलेज, रायपुर में विकसित भारत युवा संसद 2026-27 का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में हुआ। जिसमें प्रतिभागियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों व राष्ट्र निर्माण पर अपने विचार रखे। अपने वक्तव्यों के माध्यम से उन्होंने लोकतंत्र की मजबूती, युवाओं की राजनीतिक एवं सामाजिक भागीदारी, संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका तथा विकसित भारत के संकल्प में युवाओं के योगदान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को संसद की कार्यप्रणाली, स्वस्थ बहस, असहमति के सम्मान तथा लोकतांत्रिक संवाद की संस्कृति को समझने का अवसर मिला।
मुख्य अतिथि रूप में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू सम्मिलित हुर्इं। स्वागत उद्बोधन डॉ. प्रतिभा मुखर्जी साहूकार द्वारा दिया गया। आयोजन को सफल बनाने में दुर्गा कॉलेज की माय भारत नोडल अधिकारी प्रो. सुनीता चंसोरिया एवं डॉ. सुचित्रा राठी की महती भूमिका रही।
कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में डॉ. सुभाष चंद्राकर, डॉ. अमन झा, डॉ. गणेश शंकर पांडे, डॉ. मधु अग्रवाल व दिव्या वर्मा उपस्थित रहे। निर्णायकों द्वारा प्रतिभागियों के विषय ज्ञान, तार्किक क्षमता, विचारों की स्पष्टता, प्रस्तुतिकरण एवं संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप अभिव्यक्ति का मूल्यांकन किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, संसदीय परंपराओं, संवैधानिक मूल्यों तथा राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ते हुए उनमें नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन एवं अभिव्यक्ति कौशल का विकास करना रहा।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सोमेश्वर ने प्रथम, अन्वेषा गुप्ता ने द्वितीय तथा अंजलि नियाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मुख्य अतिथि डॉ. ममता साहू ने युवाओं को लोकतंत्र की मजबूती में सक्रिय भूमिका निभाने तथा देश के विकास में अपनी रचनात्मक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं को अपने विचारों, नवाचार एवं नेतृत्व क्षमता के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।
माय भारत के माध्यम से आयोजित विकसित भारत युवा संसद युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं से जोड़ने, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा उन्हें जागरूक, जिम्मेदार एवं सक्रिय नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे आयोजन युवाओं को केवल अपने विचार व्यक्त करने का मंच ही नहीं देते, बल्कि उन्हें देश की नीतियों, चुनौतियों एवं विकास की दिशा पर गंभीरता से सोचने के लिए भी प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी अतिथियों, निर्णायकों, महाविद्यालय प्रबंधन एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।