दो वर्षों में 600 से अधिक एपिसोड प्रसारित करने पर मिला विश्व रिकॉर्ड में स्थान
रायपुर। राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रीय संगीत नाटक अकादमी सम्मान तथा उपराष्ट्रपति द्वारा राज्य अलंकरण ‘लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान’ से सम्मानित छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ लोक कलाकार राकेश तिवारी का नाम गोल्डन बुक आॅफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। उनके द्वारा निमित लोक कलाकारों पर आधारित पॉडकास्ट ‘गाबो बजाबो गोठियाबो’ के अंतर्गत दो वर्षों में 600 से अधिक एपिसोड प्रसारित किए जाने की उपलब्धि के लिए उन्हें यह गौरव प्राप्त हुआ है।
राकेश तिवारी लंबे समय से छत्तीसगढ़ की लोककला, लोकसंस्कृति, लोकगीत, लोकनाट्य और पारंपरिक कलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए कार्य कर रहे हैं। ‘गाबो बजाबो गोठियाबो’
कार्यक्रम के माध्यम से उन्होंने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के लोक कलाकारों को मंच प्रदान किया है। इस कार्यक्रम में अनेक वरिष्ठ एवं नवोदित कलाकारों ने अपने जीवन के अनुभव, कला यात्रा और छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को साझा किया है।
दो वर्षों के भीतर 600 से अधिक एपिसोड प्रसारित होना छत्तीसगढ़ की लोककला और लोक कलाकारों के दस्तावेजीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस पहल के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को डिजिटल माध्यम पर संरक्षित करने तथा नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
इस अवसर पर इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति लवली शर्मा, गोल्डन बुक आॅफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रमुख सोनम राजेश शर्मा तथा पूर्व प्रमुख लोकायुक्त न्यायमूर्ति टी.पी. शर्मा सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित थे।