रायपुर। रोटरी क्लब ऑफ रायपुर क्वीन्स द्वारा स्वाधीनता दिवस पर डी.के. हॉस्पिटल के पीछे आहार सेवा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्लब की ओर से लगभग 350 से 400 मरीजों एवं उनके परिजनों को भोजन पैकेट के साथ बूंदी एवं भुजिया वितरित कर आजादी के पर्व की खुशियां साझा की गईं।
मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मच्छरदानियों का भी वितरण किया गया। सेवा के इस कार्य के माध्यम से क्लब ने स्वतंत्रता दिवस पर जरूरतमंदों के प्रति संवेदना, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान अगस्त माह के बर्थडे क्वीन्स का केक कटिंग भी किया गया, जिससे आयोजन में उत्साह और खुशियों का रंग जुड़ गया। क्लब की सदस्यों ने स्वतंत्रता दिवस को केवल उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि सेवा और मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के अवसर के रूप में मनाया।
इस अवसर पर क्लब की सदस्यों ने कहा कि सच्ची आजादी का उत्सव तभी सार्थक है, जब हमारी खुशियों में समाज के जरूरतमंद लोगों की भी भागीदारी हो। इसी भावना के साथ “आजादी का जश्न, सेवा के संग” का संदेश देते हुए आहार सेवा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रोटरी क्लब ऑफ रायपुर क्वीन्स की सदस्याओं की सक्रिय सहभागिता रही। सामूहिक प्रयासों से आयोजित यह सेवा कार्य मानवता, करुणा, प्रेम और सामाजिक सेवा का सुंदर उदाहरण बना।



