छत्तीसगढ़

राज्य स्थापना दिवस पर कौशल्या माता विहार में लगाए गए पौधे

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर कौशल्या माता विहार सेक्टर-6 में प्रकृति संरक्षण और हरियाली को समर्पित एक सराहनीय पहल की गई। कौशल्या माता विहार दुर्गा पूजा समिति द्वारा दुर्गा गार्डन में विशेष पौधारोपण अभियान संचालित किया गया, जिसमें कॉलोनी के निवासियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। यह अभियान सर्वेश झा, नितेश दुबे, विनोद मोटवानी, रामेश्वर विश्वकर्मा, कल्याणी सिंह, अनु झा, पूजा दुबे, मनीष वर्मा, संजय व अजय डेकाटे, रंजीत कुमार, दीपक गुरवांशी, मनीष मिश्रा, सुषमा मिश्रा, राजकुमारी यादव, संजय सिंह सहित कॉलोनी के गणमान्य सदस्यों और निवासियों की उपस्थिति में चलाया गया।

छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस को यादगार बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान में सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही दुर्गा गार्डन को हरा-भरा, सुंदर एवं स्वच्छ बनाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का सामूहिक संकल्प भी लिया गया। इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध प्राकृतिक विरासत, वन संपदा और हरियाली के लिए जाना जाता है। ऐसे में राज्योत्सव के अवसर पर प्रकृति को समर्पित यह पहल प्रदेश की पहचान और पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। हमारा प्रयास है कि दुर्गा गार्डन केवल एक सार्वजनिक उद्यान न रहकर कॉलोनीवासियों के सामूहिक प्रयास से विकसित एक सुंदर एवं हरित स्थल बने।

समिति ने यह भी कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। आज लगाया गया एक छोटा-सा पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, बेहतर वातावरण और हरियाली का उपहार बन सकता है। कार्यक्रम के अंत में सभी निवासियों से अपील की गई कि वे इस अभियान को एक दिन तक सीमित न रखते हुए पौधों की देखभाल एवं उद्यान के रखरखाव में निरंतर सहयोग करें।

राज्योत्सव के अवसर पर समिति का संदेश:

एक पौधा आज, हरियाली कल। आइए, मिलकर अपने गार्डन को सुंदर बनाएं और अपने छत्तीसगढ़ को और हरा-भरा बनाएं।

About the author

मीडिया एमपीसीजी