छत्तीसगढ़

देवरानी-जेठानी, सास-बहू, बेटी व ननद-भाभी ने साथ-साथ दी परीक्षा

उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत जिलेभर में परीक्षा का आयोजन

  • निर्धारित 200 घंटे का अध्ययन पूर्ण करने वाले शिक्षार्थियों को परीक्षा में किया गया शामिल

 

रायपुर। उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ. गौरव कुमार सिंह- कलेक्टर एवं अध्यक्ष- जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण रायपुर के मार्गदर्शन में रविवार को राष्ट्रव्यापी उल्लास महापरीक्षा अभियान का आयोजन रायपुर जिले के विभिन्न साक्षरता केंद्रों में किया गया। जे.आर. दानी विद्यालय के साक्षरता केंद्र में साक्षरता अभियान की सफलता की प्रेरक कहानियां भी सामने आर्इं। यहां एक ही परिवार की देवरानी-जेठानी, सास-बहू और बेटी, ननद-भाभी द्वारा साक्षरता की ओर कदम बढ़ाने की कहानी विशेष रूप से प्रेरणादायी रही। परिवार की महिलाओं ने सीखने की उम्र को बाधा न मानते हुए पढ़ना-लिखना सीखा और महापरीक्षा में शामिल होकर अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा प्रस्तुत की।

सेंट्रल जेल व दानी विद्यालय केंद्र का अधिकारियों ने किया अवलोकन

उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के इस महाभियान के अंतर्गत रायपुर जिले में घर-घर संपर्क कर असाक्षरों का सर्वेक्षण और पंजीयन कर उनकी जानकारी उल्लास पोर्टल पर दर्ज की गई। निर्धारित 200 घंटे का अध्ययन पूर्ण करने वाले शिक्षार्थियों को इस महापरीक्षा में सम्मिलित किया गया। परीक्षा को लेकर शिक्षार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। महापरीक्षा अभियान के अंतर्गत सेंट्रल जेल एवं जे.आर. दानी शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्थित उल्लास परीक्षा केंद्रों का अधिकारियों द्वारा अवलोकन किया गया। इस दौरान एम. सतीश नायर, जिला शिक्षा अधिकारी, डॉ. हितेश दीवान प्राचार्य- जे.आर. दानी विद्यालय, डॉ. कामिनी बावनकर जिला परियोजना अधिकारी, संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

तिल्दा, अभनपुर व आरंग ब्लॉक पूर्ण साक्षर घोषित होंगे

इस महापरीक्षा अभियान के साथ रायपुर जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि भी जुड़ने जा रही है। तिल्दा, अभनपुर एवं आरंग विकासखंड को पूर्ण साक्षर घोषित किया जाएगा। यह उपलब्धि जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, स्वयंसेवी शिक्षक (वीटी), शिक्षार्थियों तथा साक्षरता अभियान से जुड़े सभी लोगों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों में शिक्षार्थियों की उपस्थिति, परीक्षा व्यवस्था एवं आवश्यक सुविधाओं का जायजा लेकर शिक्षार्थियों का उत्साहवर्धन किया। साथ ही शिक्षार्थियों से बातचीत कर अधिकारियों ने उन्हें नियमित रूप से पढ़ाई जारी रखने और साक्षरता को अपने दैनिक जीवन से जोड़ने के लिए प्रेरित किया। रायपुर जिले में आयोजित यह महापरीक्षा केवल परीक्षा नहीं, बल्कि ‘हर व्यक्ति साक्षर, हर परिवार साक्षर’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। शिक्षार्थियों, स्वयंसेवी शिक्षकों एवं जिला प्रशासन के सामूहिक प्रयासों से रायपुर जिले में साक्षरता अभियान को नई गति मिली है।

About the author

मीडिया एमपीसीजी