रायपुर। एसोसिएशन आॅफ इंजीनियरिंग एंड पॉलीटेक्निक कॉलेज टीचर्स छत्तीसगढ़ (एईपीसीटी) द्वारा गर्ल्स पॉलीटेक्निक में अभियंता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने इस अवसर पर कहा, भारत रत्न सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती पर मनाया जाने वाला यह दिवस तकनीकी शिक्षा के महत्व और देश के निर्माण में इंजीनियरों की भूमिका को समर्पित है। उन्होंने कहा कि आज देश आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है, और इसमें तकनीकी शिक्षकों तथा युवा इंजीनियरों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे रोजगार पाने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें, इसी सोच के साथ उन्होंने छात्रों को स्टार्टअप और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने प्रेरित किया। विधायक सुनील सोनी विशिष्ट अतिथि रहे। इस आयोजन में प्राचार्य डॉ. अजय कुमार गर्ग, वर्षा चौरसिया, सीजीआईटी रायपुर एवं एईपीसीटी के सदस्य उपस्थित थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संगठन के अध्यक्ष दिव्यांशु देवांगन ने संगठन की ओर से तकनीकी शिक्षा विभाग के उपलब्धियों एवं तात्कालिक चुनौतियों से अवगत कराया। इस दौरान संगठन की लंबित मांगों जैसे व्याख्याताओं को 5 वर्ष सेवा पूर्ण होने पर एआईसीटीई वेतनमान लेवल-11 में प्रोन्नति प्रदान करने, पॉलीटेक्निक संवर्ग में 10,000/- एजीपी पुन: लागू करने एवं छात्र हितों से संबंधित अन्य मांगे भी रखीं। जिस पर मंत्री द्वारा सकारात्मक आश्वासन दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार तकनीकी शिक्षकों एवं छात्रों के हितों के प्रति पूर्णत: संवेदनशील है और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान हर संभव प्रयास कर रही है। इस दौरान विभाग के सदस्यों को उनकी विशिष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित भी किया गया। उपाध्यक्ष उमेश धनगर के धन्यवाद ज्ञापन से कार्यक्रम का समापन हुआ।