धार्मिक-पौराणिक विषयों के साथ अपने मूल स्वरूप में दिखाई देंगे गणपति बप्पा
रायपुर। अंचल में विख्यात राजधानी रायपुर का गणेश विसर्जन चल झांकी समारोह रविवार, 28 सितंबर की रात 9 बजे से आयोजित होने जा रहा है। इस वर्ष समितियों द्वारा लगभग 50 से अधिक बड़ी झांकियां निकालने की तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। इसके अलावा दुर्ग-भिलाई व राजनांदगांव की झांकियां भी इस समारोह में शामिल होंगी। इसा साल की तरह समितियों द्वारा अलग-अलग धार्मिक-पौराणिक विषयों के अलावा सामाजिक व सम-सामयिक विषयों पर झांकियां तैयार की गर्इं हैं। विशेष रूप से झांकियों में
भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों जैसे त्रिदेव, भूत-प्रेत थीम, राम मंदिर की झलक और छत्तीसगढ़ की स्थानीय संस्कृति जैसे तीजा-पोरा त्यौहार) की झलकियां देखने को मिलेंगी। रविवार शाम नरसिंह अवतार, साधना में बैठे हुए देवाधिदेव महादेव और उनके समक्ष उन्हें निहारता बैठा हुआ नंदी, लंका विजय के उपरांत देवी सीता , भ्राता लक्ष्मण, भक्त हनुमान और रामसेना के साथ अयोध्या लौटे रहे धनुर्धारी श्रीराम की विशाल प्रतिमाओं वाली झांकियां राजधानी पहुंची। वहीं कुछ प्रमुख झांकियों को जल-जंगल, प्रकृति और संगीत जैसे- बप्पा की वीणा वादन मुद्रा की अनूठी थीम पर सजाया गया है। इसी कड़ी में चल झांकी समारोह में सनातन परंपरा और वास्तविक पारिवारिक स्वरूप की मुख्य थीम पर तैयार की गई लाखेनगर समिति की झांकी के अलावा शिव परिवार की झांकी जिसमें अपने मूल और वास्तविक रूप में गणपति बप्पा, भगवान शिव, माता पार्वती और कार्तिकेय की सुंदर मूर्तियां विशेष रूप से दर्शनीय रहेंगी।
शारदा चौक से महादेव घाट तक गणेश झांकी, रास्ते में कई जगह नो एंट्री
रायपुर में 28 सितंबर को गणेश विसर्जन झांकी शारदा चौक से महादेव घाट तक निकलेगी। झांकी के चलते कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी और शाम 7 बजे से ट्रैफिक डायवर्जन लागू होगा।
छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर में 28 सितंबर को गणेश विसर्जन झांकी निकाली जाएगी। झांकी रात 9 बजे शारदा चौक से रवाना होकर जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर रोड और रायपुरा चौक से होते हुए महादेव घाट स्थित विसर्जन स्थल पहुंचेगी।
झांकी को लेकर यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था जारी की है। झांकी के दौरान संबंधित मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। लोगों से अपील की गई है कि वे वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़ा करें।
गणेश झांकी के दौरान निर्धारित मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस रूट पर केवल झांकी और पैदल श्रद्धालुओं को प्रवेश की अनुमति होगी। यातायात पुलिस ने अन्य मार्गों से आने वाले वाहन चालकों से शाम 7 बजे से निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की है।



