छत्तीसगढ़ रायपुर

रायपुर रेल मंडल परिवार ने निकाली तिरंगा रैली

  •  हर घर तिरंगा अभियान के तहत हुए देशभक्ति के विविध कार्यक्रम

  • चित्रकला, पेंटिंग, रंगोली में प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने एवं राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर रेल मंडल द्वारा ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इसी क्रम में रायपुर रेल मंडल के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों की सहभागिता से तिरंगा रैली निकाली गई। जिसमें प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। रैली के माध्यम से नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अलावा रायपुर रेल मंडल में विभिन्न रचनात्मक व सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी हुर्इं। इनमें चित्रकला, पेंटिंग, रंगोली, क्ले मॉडलिंग, देशभक्ति गीत एवं कविता प्रतियोगिताएं प्रमुख रहीं। जिनमें प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से राष्ट्रप्रेम व देशभक्ति की भावनाओं को अभिव्यक्त किया। रायपुर रेल मंडल ने सभी रेलकर्मियों व नागरिकों से अपील की है कि वे हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय रूप से सहभागी बनें और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त करते हुए अपने घरों पर भी तिरंगा फहराएं।

About the author

मीडिया एमपीसीजी