रायपुर:- राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर के एंटरप्रेन्योरशिप सेल द्वारा विगत दिनों 21 अगस्त 2023 से 25 अगस्त 2023 तक विश्व उद्यमिता दिवस के अवसर पर संस्थान के छात्रों के लिए एक श्रृंखला में इंटरैक्टिव इवेंट्स का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के नवाचार और उद्यमिता फाउंडेशन (एनआईटीआरआरएफआईई) के साथ मिलकर किया गया था। सभी इंटरैक्टिव इवेंट्स का आयोजन करियर डेवलपमेंट सेल (सीडीसी), के प्रमुख डॉ समीर बाजपेई और ई-सेल के फैकल्टी इन चार्ज डॉ. चंद्रकांत ठाकुर के मार्गदर्शन में किया गया था।
इन इवेंट्स की श्रृंखला में विश्व उद्यमिता दिवस के मौके पर,
21 अगस्त को, एक वक्ता सत्र “हर किसी के लिए उद्यमिता” का आयोजन संस्थान के ई-हॉल में किया गया था, जिसमें “क्या उद्यमिता हर किसी के लिए है?” विषय पर चर्चा की गई | कार्यक्रम के मुख्य वक्ता वीस्टेपयु के सह-संस्थापक मि. तरनबीर साहनी और मि. परमिंदर साहनी थे।
इसके बाद 23 अगस्त को टीम ई-सेल द्वारा एक अन्य इवेंट का आयोजन किया गया था, जो उद्यमिता और अंतरिक्ष खोजों के विषयों पर केंद्रित रही । इस इवेंट में पोस्टर बनाने, निबंध लेखन और स्लोगन निर्माण में रुचिकर प्रतिस्पर्धाएँ शामिल रही। इस इवेंट की शुरूआत छात्रों को ई-सेल के महत्व और उसके कार्य को समझाते हुए की गयी थी । “उद्यमिता और अंतरिक्ष खोज” के इस मुख्य विषय ने प्रतिभागियों को व्यापारिक नवाचार और अंतरिक्ष खोज के बीच गतिशील संबंध को विचार करने के लिए प्रेरित किया।
इससे पहले टीम ई-सेल द्वारा 24 अगस्त को “कैसे डिजिटल स्पेस में अपने स्टार्टअप को बढ़ावा दें” नामक वक्ता सत्र का आयोजन किया गया था। सत्र के वक्ता मि. आदर्श मिश्रा, फ़ूड ब्लॉगर, यूट्यूबर और दि डिजिटल स्कूल रायपुर के फाउंडर थे। इसके बाद वक्ता ने अपने भाषण में अपनी जीवन यात्रा साझा की: स्नातक करने से लेकर सरकारी नौकरी प्राप्त करने तक, फिर अपनी खुद की विज्ञापन कंपनी, अथर्व सर्विसेज, की शुरुआत करने तक के सफर को छात्रों को बताया। उन्होंने बताया कि इंटरनेट और सरकारी नीतियों ने उद्यमिता को महत्व दिया है, जो व्यक्तियों को प्रयोग करने और उसमें उत्कृष्टता प्राप्त करने का मार्ग प्रदान करते हैं। वक्ता मि. आदर्श मिश्रा की यह यात्रा उन्हें “दि डिजिटल स्कूल” की स्थापना करने तक ले गयी, जो उनके ज्ञान को साझा करने के लिए सहायक साबित हुई ।
अंत में टीम ई-सेल ने 25 अगस्त को ‘उद्यमिता या नौकरी – इंजीनियर को क्या चुनना चाहिए?’ और ‘भारतीय प्रणाली स्टार्टअप्स के लिए अच्छी है’ जैसे दो विषयों पर केंद्रित एक वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया था।

