सरस्वती शिशु मंदिर सरस्वती विहार में वैदिक गणित मेले का उद्घाटन
सशिमं खरोरा के प्रथम तल में होगा भवन निर्माण, 20 लाख स्वीकृति की घोषणा
रायपुर। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरस्वती विहार, रायपुर में शुक्रवार को वैदिक गणित मेले का उद्घाटन सांसद बृजमोहन अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सांसद अग्रवाल ने कहा, वैदिक गणित भारतीय ज्ञान परम्परा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके माध्यम से गणना की विभिन्न विधियों को सरल और रोचक तरीके से समझने में मदद मिलती है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को गणित के प्रति रुचि बढ़ाने तथा विषय को प्रयोगात्मक दृष्टि से सीखने का प्रोत्साहन मिलता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती, भारत माता एवं ऊँ के छायाचित्र पर द्वीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों के स्वागत में विद्यालय की छात्राओं ने सामूहिक गीत की मधुर प्रस्तुति दी। इसी दौरान मां सरस्वती बालकल्याण समिति द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरोरा के प्रथम तल में भवन निर्माण कार्य के लिए सांसद निधि से 20 लाख रुपए स्वीकृति की घोषणा भी की गई। कार्यक्रम में सरस्वती शिक्षा संस्थान रायपुर के प्रादेशिक सचिव लक्ष्मण राव मगर व संगठन मंत्री देवनारायण साहू, मां सरस्वती बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ठाकुर, सचिव निलेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मयंक बैस, सहसचिव अवधेश दानी, समिति के सदस्य वल्लभ लाहोटी, अखिल भारतीय वैदिक गणित संस्थान के प्रमुख देवेंद्र राव देशमुख व गोविंद चौधरी, मां सरस्वती बाल कल्याण समिति के उपाध्यक्ष डॉ.अजय कुलश्रेष्ठ, सरस्वती शिक्षा संस्थान रायपुर के सहप्रांत प्रमुख मानिक लाल साहू, प्राचार्य, समस्त आचार्यगण एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।