छत्तीसगढ़ • शिक्षा

कचरे से किया कमाल, तैयार किए उपयोगी और सुंदर प्रोडक्ट

बालाजी दिशा महाविद्यालय में प्रबंधन महोत्सव ‘विस्टा-2026’

रायपुर। श्रीबालाजी दिशा महाविद्यालय, रामनगर-कोटा मार्ग रायपुर के प्रबंधन विभाग द्वारा गुरुवार को ‘विस्टा 2026-प्रबंधन महोत्सव’ का आयोजन किया गया। महोत्सव के प्रथम दिवस के अंतर्गत विद्यार्थियों की रचनात्मकता, प्रबंधन कौशल, टीमवर्क एवं नेतृत्व क्षमता को विकसित करने के उद्देश्य से ‘द जुगाड़ मैनेजमेंट: एड क्वेस्ट’ और ‘जुगाड़ मैनेजमेंट: कचरे से कमाल’ ये दो गतिविधियां कराई गर्इं। जिसमें जुगाड़ मैनेजमेंट गतिविधि के अंतर्गत विद्यार्थियों ने अनुपयोगी एवं अपशिष्ट सामग्री का रचनात्मक उपयोग कर आकर्षक, उपयोगी और पर्यावरण-अनुकूल उत्पाद तैयार किए। इस गतिविधि का मुख्य उद्देश्य कचरे से श्रेष्ठ की अवधारणा को बढ़ावा देना तथा विद्यार्थियों में नवाचार, प्रबंधन कौशल, रचनात्मक सोच और संसाधनों के बेहतर उपयोग की भावना विकसित करना रहा। यह पहल ‘कचरे से कमाल’ की सोच को प्रोत्साहित करते हुए सतत विकास और उद्यमिता की दिशा में एक सराहनीय प्रयास रही।

तैयार हुए ये आकर्षक उत्पाद

कोकोनट प्लांटर्स: नारियल के छिलकों, जूट की रस्सी और अनुपयोगी प्लास्टिक बाल्टियों का उपयोग करके सुंदर एवं आकर्षक प्लांटर्स तैयार किए गए। इन प्लांटर्स के माध्यम से प्राकृतिक एवं अनुपयोगी वस्तुओं को उपयोगी सजावटी उत्पाद में परिवर्तित करने का संदेश दिया गया।

पफी विद स्टोरेज: पुरानी बाल्टी, जूट की रस्सी, कॉइल रस्सी और पॉलिएस्टर फाइबर का उपयोग करके आकर्षक पफी विद स्टोरेज तैयार किया गया। यह उत्पाद बैठने के साथ-साथ सामान रखने की सुविधा भी प्रदान करता है, जिससे सीमित संसाधनों में उपयोगिता और सुंदरता का समन्वय प्रदर्शित हुआ।

स्ट्रीट वेंडर लैम्प्स: पुरानी पेंट की बाल्टियों, प्लास्टिक बाल्टियों, जूट की रस्सी और नारियल के छिलकों का पुन: उपयोग करते हुए आकर्षक लैम्प तैयार किए गए। इन लैम्प्स ने यह संदेश दिया कि अनुपयोगी वस्तुओं को थोड़ी रचनात्मकता और कौशल के माध्यम से सुंदर एवं उपयोगी उत्पादों में बदला जा सकता है।

मुख्य अतिथि रहे पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता एवं निदेशक- प्रबंधन संस्थान डॉ. जी.के. देशमुख। अपग्रेटर मुख्य वक्ता अमन तिवारी, अपग्रेटर इम्तियाज अहमद शेख और प्राचार्य डॉ. ए.के. तिवारी विशेष रूप से सम्मिलित हुए। मुख्य अतिथि डॉ. देशमुख व प्राचार्य डॉ. ए.के. तिवारी ने अपने प्रेरक उद्बोधन से विद्यार्थियों के अभिनव प्रयास की सराहना की और रचनात्मक सोच के साथ अपने प्रबंधन कौशल को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए लुभावने विज्ञापन

‘द जुगाड़ मैनेजमेंट: एड क्वेस्ट’ में विद्यार्थियों ने सीमित संसाधनों के साथ अपने विचारों और रचनात्मकता का प्रयोग करते हुए विभिन्न उत्पादों एवं सेवाओं के लिए आकर्षक विज्ञापन प्रस्तुत किए। इस गतिविधि में 10 से अधिक टीमों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त प्रबंधन संबंधी ज्ञान को व्यावहारिक रूप से प्रदर्शित करने का एक प्रभावी मंच प्रदान किया। कार्यक्रम में निर्णायक के रूप में डॉ. सुशील इंदुरकर, सहायक प्राध्यापक- प्रबंधन संस्थान पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर एवं डॉ. प्रफुल्ल व्यास सहायक प्राध्यापक- दिशा महाविद्यालय एवं डॉ. सरिता जसवानी सहायक प्राध्यापक- दिशा महाविद्यालय रायपुर उपस्थित रहे।

About the author

मीडिया एमपीसीजी