छत्तीसगढ़ • धर्म • संस्कृति

अग्रसेन धाम में सजा श्याम भक्ति का भव्य दरबार

अग्रसेन जयंती महोत्सव का भव्य शुभारंभ

मुख्य अतिथि सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा- समाज को सर्व समाज के लिए भी सेवा करनी चाहिए

रायपुर। महाराजा अग्रसेन की 5180वीं जयंती के पावन अवसर पर अग्रवाल सभा रायपुर द्वारा आयोजित अग्रसेन जयंती महोत्सव का शुभारंभ बुधवार, 7 अक्टूबर को अग्रसेन धाम में भव्य श्रीश्याम बाबा भजन संध्या के साथ हुआ। शाम 7 बजे से आयोजित इस भक्तिमय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजनों एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। श्याम बाबा के भजनों, तालियों और जयकारों से पूरा अग्रसेन धाम भक्तिरस में डूबा रहा।

कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, भाजपा कोषाध्यक्ष श्री राम गर्ग, CSIDC अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल एवं योग आयोग अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

मुख्य अतिथि बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि समाज को बच्चों की शिक्षा, सभी के स्वस्थ, निर्धन कन्याओं के विवाह, ग़रीब परिवारों की मदद एवं सर्व समाज के हित के लिए हर तरह के प्रयास करने का आह्वान किया। श्री अग्रवाल ने आज की बदलती हुई परिस्थिति में अपने परिवार एक जुट रखने की आवश्यकता पर अधिक बल दिया। परिवार को बच्चों की परवरिश में अधिक से अधिक ध्यान देने का आग्रह किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य पर पूरे समाज के लोगो को बधाई दी। अग्रवाल सभा के अध्यक्ष विजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन की जयंती के पावन अवसर पर श्रीश्याम बाबा की भजन संध्या का आयोजन समाज में भक्ति, संस्कार और एकजुटता की भावना को मजबूत करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि श्याम बाबा की भक्ति लोगों को सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक शांति प्रदान करती है। अग्रसेन जयंती महोत्सव के माध्यम से समाज को धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना अग्रवाल सभा का निरंतर प्रयास है। उन्होंने सभी अतिथियों, कलाकारों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

अग्रवाल सभा के मीडिया प्रभारी योगेश अग्रवाल ने कहा कि अग्रसेन जयंती महोत्सव के शुभारंभ को यादगार बनाने के उद्देश्य से श्रीश्याम भजन संध्या का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि किशन महाराज, प्रियांशु मित्तल, विनय अग्रवाल, अमन अग्रवाल एवं रेखा बंसल की भजन प्रस्तुतियों ने पूरे अग्रसेन धाम को श्याम भक्ति से सराबोर कर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

भजनों पर झूमे श्रद्धालु

कार्यक्रम की शुरुआत श्री श्याम बाबा की पूजा-अर्चना एवं मंगलाचरण के साथ हुई। इसके बाद भजन कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

भजन संध्या में शीश सेवा–किशन महाराज, प्रियांशु मित्तल, विनय अग्रवाल, अमन अग्रवाल एवं रेखा बंसल ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों के दौरान श्रद्धालु भजनों पर झूमते, तालियां बजाते और श्याम बाबा के जयकारे लगाते नजर आए।

“भूल न भूल में मैं कभी नाम तुम्हारा, दास हूं तेरे चरणों का” जैसे भक्ति भावों से ओतप्रोत भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। श्याम बाबा के प्रति श्रद्धा और समर्पण से पूरा वातावरण आध्यात्मिक एवं भक्तिमय हो गया।

अग्रसेन धाम बना श्याम नगरी

भजन संध्या के लिए अग्रसेन धाम को आकर्षक रूप से सजाया गया था। कार्यक्रम में युवा, महिलाएं, वरिष्ठजन एवं बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। भजनों के दौरान पूरा परिसर “श्याम बाबा की जय” के जयकारों से गूंजता रहा।

समाज के प्रमुख पदाधिकारियो ने बढ़ाया उत्साह

भजन संध्या में अग्रवाल समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें अग्रवाल सभा अध्यक्ष विजय अग्रवाल, चतुर्भुज अग्रवाल, हनुमान अग्रवाल, जयंती प्रभारी राजेश हैलीवाल, कोषाध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, शोभायात्रा प्रभारी शैलेश अग्रवाल, संगठन मंत्री योगी अग्रवाल, मनीष अग्रवाल जी, दीपक गुप्ता जी, महिला मंडल अध्यक्ष ममता अग्रवाल, महिला मंडल महामंत्री राजरानी बंसल, अग्रवाल युवा मंडल अध्यक्ष सौरभ अग्रवाल, युवा मंडल महामंत्री वेदांत अग्रवाल, युवती मंडल अध्यक्ष कंचन अग्रवाल, एवं युवती मंडल महामंत्री श्रद्धा अग्रवाल* सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

समाज के पदाधिकारियों एवं युवाओं ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई तथा श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।

भक्ति और संस्कार के साथ अग्रसेन जयंती का शुभारंभ

अग्रवाल सभा रायपुर के पदाधिकारियों ने कहा कि महाराजा अग्रसेन की जयंती केवल उत्सव नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार, सहयोग और सामाजिक एकजुटता का पर्व है। इसी भावना के साथ जयंती महोत्सव में धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

श्रीश्याम बाबा की भव्य भजन संध्या के साथ अग्रसेन जयंती महोत्सव का शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में हुआ। आयोजन में शामिल सभी अतिथियों, समाजजनों, कलाकारों एवं श्रद्धालुओं का अग्रवाल सभा रायपुर ने आभार व्यक्त किया।महामंत्री  मनमोहन अग्रवाल ने कहा कि आने वाले दिनों में भी अग्रसेन जयंती महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज के सभी वर्गों की सहभागिता रहेगी।

About the author

मीडिया एमपीसीजी