कला • संस्कृति

तबले और गायन की महफिल कल

विष्णु कृष्ण जोशी संगीत समारोह मंगलवार को

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शास्त्रीय संगीत की विद्यालयीन शिक्षा प्रणाली की शुरुआत करने वाले स्व. पंडित विष्णु कृष्ण जोशी की जयंती मंगलवार, 24 नवंबर को शाम 6:30 बजे बूढ़ापारा स्थित श्रीराम संगीत महाविद्यालय के सभागार में शास्त्रीय गायन और एकल तबला वादन से सजेगी। सर्वप्रथम अंतरराष्ट्रीय ख्याति के तबला वादक पं. पार्थसारथी मुखर्जी का एकल वादन सुना जाएगा। इसके उपरांत ग्वालियर घराने की गायन शैली के सिद्ध कलाकार लखनऊ निवासी जयंत खोत का खयाल गायन होगा। ये दोनों कलाकार रायपुर के इस समारोह में पहली बार सुने जाएंगे। महाकोशल संगीत समिति के संरक्षक डॉ. विजय जोशी, अध्यक्ष सुधांशु शेखर शुक्ला के अनुसार प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष 32वें जयंती समारोह में इन कलाकारों को आमंत्रित किया जा रहा है जो देश में अपनी अलग पहचान रखते हैं। इनके साथ संगत करने वाले कलाकार होंगे तबले पर डॉ. विद्यानाथ सिंह, हारमोनियम पर भिलाई के संदीप बोकिलवार और नगर के ही चंद्रभूषण वर्मा।

About the author

मीडिया एमपीसीजी