छत्तीसगढ़

खनिज न्यास निधि से प्राथमिक शाला में अतिरिक्त कक्ष निर्माण को मिली 16.27 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने दी मंजूरी, जिला खनिज न्यास संस्थान निधि से मजबूत होगा शैक्षणिक अधोसंरचना, विद्यार्थियों को मिलेगा बेहतर अध्ययन वातावरण

Written by mediampcg

खनिज न्यास निधि से प्राथमिक शाला में अतिरिक्त कक्ष निर्माण को मिली 16.27 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति

कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने दी मंजूरी, जिला खनिज न्यास संस्थान निधि से मजबूत होगा शैक्षणिक अधोसंरचना, विद्यार्थियों को मिलेगा बेहतर अध्ययन वातावरण

बेमेतरा, 08 जुलाई 2026/ जिले में शैक्षणिक अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने एवं विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर एवं जिला खनिज न्यास संस्थान (डीएमएफ) की प्रबंधकारिणी समिति की अध्यक्ष सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने विकासखंड नवागढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत मनोधरपुर (मेहना) स्थित प्राथमिक शाला में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए 16 लाख 27 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

यह निर्माण कार्य जिला खनिज न्यास संस्थान (डीएमएफ) निधि से कराया जाएगा। अतिरिक्त कक्ष बनने से विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त एवं सुविधाजनक अध्ययन कक्ष उपलब्ध होंगे, जिससे शिक्षण व्यवस्था और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बन सकेगी। साथ ही बढ़ती छात्र संख्या के अनुरूप आवश्यक अधोसंरचना विकसित होने से बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।

कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि स्वीकृत कार्य को निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी।

जिला प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है। इस स्वीकृति से क्षेत्र के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों में उत्साह का माहौल है। शिक्षा विभाग द्वारा निर्माण कार्य की आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कर कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।

About the author

mediampcg