◆ ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग को मंत्री डॉ. डहरिया ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से कराया पूरा
आरंग: प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी के द्वारा भेंट मुलाकात के दौरान ग्रामीणों की मांग पर समोदा को उप-तहसील बनाने की घोषणा की गई थी। जिसकी प्रशासकीय औपचारिकता पूर्ण होने के उपरांत आज क्षेत्रीय विधायक व नगरीय प्रशासन,विकास एवं श्रम मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया के द्वारा शुभांरभ किया गया। इसके अलावा 01 करोड़ 62 लाख रूपये की लागत से बने सर्व सुविधायुक्त शासकीय अनुसूचित जाति कन्या आश्रम शाला समोदा का भी मंत्री के द्वारा लोकार्पण किया गया। जो कि वर्षो से निजी भवन में संचालित किया जा रहा था।
ज्ञात हो कि आरंग तहसील का विस्तार अत्यधिक होने के कारण तहसील कार्यालय से अंतिम छोर पर स्थित ग्राम परसवानी सहित कई ग्रामों की दूरी लगभग 50से 55 किमी. की दूरी पर थी। जिसके कारण दूर दराज के ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। नवीन उप-तहसील समोदा बनने से तहसील कार्यालय की दूरी अब घटकर 30किमी. रह जायेगी। उप-तहसील समोदा अन्तर्गत 02 राजस्व निरीक्षक मंडल समोदा एवं भैंसा को समाहित किया गया है। जिसके अन्तर्गत कुल 46 ग्राम एवं नगर पंचायत समोदा को सम्मिलित किया गया।
उप-तहसील भवन के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित जनसभा को मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने सम्बोधित भी किया। उन्होंने अपने सम्बोधन में सर्वप्रथम क्षेत्रवासियों को नवीन उप-तहसील खुलने की बधाई एवं शुभकामनाएं दिए। तत्पश्चात् मंत्री डहरिया ने कहा कि ये हमारे क्षेत्र के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग थी कि समोदा को उपतहसील का दर्जा दिया जाए। जिसे हमारे प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान उपतहसील बनाने की घोषणा किये थे और उसे आज पूरा भी कर दिया गया है। हमारी सरकार जो कहती है उसे पूरा भी करती है। जन घोषणा पत्र के 36 वादों में से 34 वादों को प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पुरा किया है। चाहे वो किसानों की कर्ज माफी हो, सिंचाई कर हो माफ करना हो, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ करना हो, किसानों के धान को समर्थन मूल्य पर खरीदी करना हो, महिला स्व-सहायता समूह का कर्ज माफी हो, खद्यान्न सुरक्षा अधिकार हो, स्वास्थ्य का अधिकार हो, शिक्षा का अधिकार हो, ग्रामीण एवं शहरी आवास का अधिकार हो गोधन न्याय योजना हो, सहित तमाम घोषणाओं को प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पुरा किया है। आगामी विधानसभा चुनाव में हम अपनी इन्हीं विकास के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जायेंगे और पुनः छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनाकर प्रदेश के मान को पुनः स्थापित करेंगे।
उक्त कार्यक्रम की अध्यक्षता खिलेश्वर देवांगन अध्यक्ष जनपद पंचायत आरंग ने किया, विशेष अतिथि के रूप में आजूराम वंशे पूर्व अध्यक्ष नपा. समोदा, केशरी मोहन साहू जिला पंचायत सदस्य रायपुर, संजय चेलक सदस्य जनपद पंचायत आरंग, कोमल सिंह साहू अध्यक्ष ब्लाक कांग्रेस कमेटी आरंग, शिव साहू जोन अध्यक्ष समोदा, नंदकुमार साहू पूर्व उपाध्यक्ष नपा. समोदा, नारायण कुर्रे, ज्ञानिक साहू नेतराम वंशे मंच में उपस्थित थे। साथ राजस्व विभाग के अधिकारी अतुल विश्वकर्मा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व आरंग, विनोद साहू तहसीलदार आरंग, रीमा मरकाम नायब तहसीलदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं नगरवासी उपस्थित थे।