अन्य आरंग छत्तीसगढ़

बड़ी खबर: आरंग क्षेत्र में राजीव गांधी युवा मितान क्लब की पहली किस्त का हुआ भुगतान

Written by Tukeshwar Lodhi

 

राजीव युवा मितान क्लब को एक वर्ष में एक लाख रूपये का मिलना है अनुदान

■आरंग ब्लाक में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र मिलाकर 24 लाख 75 हजार रूपये का हुआ भुगतान

आरंग/16सितम्बर 2022/ छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा युवाओं के हित में महत्वाकांक्षी योजना राजीव युवा मितान क्लब की शुरुआत खेल एवं युवा कल्याण विभाग के माध्यम से 03 फरवरी 2022 को राष्ट्रीय कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी व मुख्य मंत्री भूपेश बघेल के हाथों रायपुर में किया गया था। यह योजना प्रदेश की युवा शक्ति को संगठित करने, सामाजिक, सांस्कृतिक,खेल गतिविधियों एवं शासन की विभिन्न योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए प्रारंभ किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक ग्राम पंचायत में ढाई हजार की आबादी में 40 सदस्यों की एक क्लब का गठन किया गया है तथा शहरी क्षेत्रों में नगरपालिका में पांच क्लब एवं नगर पंचायत में दो क्लब का गठन किया गया है। छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा क्लब को साल एक लाख रूपये का अनुदान दिया जाना है। जिसका भुगतान पच्चीस पच्चीस हजार की चार समान किस्तों में किया जायेगा। तथा इस क्लब के बेहतर संचालन के लिए जिला स्तर में कलेक्टर की अध्यक्षता तथा ब्लाक स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की अध्यक्षता सुनिश्चित किया गया है। इसी कड़ी में आरंग ब्लाक के ग्रामीण क्षेत्रों में 88 क्लबों एवं शहरी क्षेत्र में 11क्लबों का गठन किया गया है। जिसमें प्रत्येक क्लब के खाता में प्रथम किस्त की राशि 25 – 25 हजार रूपये का भुगतान शासन के द्वारा कर दिया गया है। आरंग ब्लाक में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों को मिलाकर 24 लाख 75 हजार रूपये का भुगतान किया गया है। आरंग ब्लाक के राजीव युवा मितान क्लब को प्रथम किस्त की राशि का भुगतान होने पर क्षेत्रीय विधायक व नगरीय प्रशासन , विकास एवं श्रम मंत्री डा.शिवकुमार डहरिया ने क्लब के सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दिया है तथा युवा शक्ति को राजीव युवा मितान क्लब के गठन के उद्देश्यों को प्राप्त करने का आह्वान भी किया है।

About the author

Tukeshwar Lodhi