छत्तीसगढ़ • रायपुर

पंजाब केसरी भवन में गरबा-डांडिया की पारंपरिक धुनों पर झूमे श्रद्धालु

रायपुर। छत्तीसगढ़ पंजाबी सनातन सभा द्वारा पंजाब केसरी भवन, जोरा में गरबा एवं डांडिया महोत्सव आयोजित किया गया। शाम 7 बजे प्रारंभ हुए इस कार्यक्रम में पारंपरिक गरबा परिधानों के साथ बड़ी संख्या में जुटे प्रतिभागियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से पूरे परिसर को भक्तिमय और उत्सवमय बना दिया। इस आयोजन ने नवरात्रि के उत्साह, भारतीय संस्कृति और पारंपरिक लोकनृत्य की सुंदर झलक प्रस्तुत की। शुभारंभ आकर्षक ढंग से सजे पंडाल में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुआ। इसके पश्चात गरबा गीतों और ढोल की थाप पर महिलाओं, युवक-युवतियों सहित उपस्थित श्रद्धालुओं ने पारंपरिक गरबा एवं डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का संचालन अश्विनी विग (कार्यक्रम प्रभारी) ने किया। सभा के अध्यक्ष सतिंदर कोहली, महासचिव, राजीव विग, कोषाध्यक्ष विकास मोदी, उपाध्यक्ष नीरज सेठी, उपाध्यक्ष विकास विग, संरक्षक सुनील डोंगर एवं वरिष्ठ सदस्य डॉ. एस.एम. कुमार ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर अलका मोदी (अध्यक्ष, महिला मंडल), प्रिया टावरे (अध्यक्ष, महिला यूथ) एवं विवेक साहनी (अध्यक्ष, यूथ विंग) विशेष रूप से उपस्थित रहे।

गरबा प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में दीप्ति माणिक, अंजू विग एवं कुमार शामिल रहीं। कार्यक्रम के समापन पर छत्तीसगढ़ पंजाबी सनातन सभा की ओर से निर्णायक मंडल के प्रति आभार व्यक्त कर उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

About the author

मीडिया एमपीसीजी