रायपुर। नवरात्रि पर अर्पण दिव्यांग पब्लिक स्कूल राजेंद्र नगर में सोमवार को वृहत गरबा का आयोजन किया गया। जो ना सुन सकते हैं, ना बोल सकते हैं ऐसे बच्चों ने इस आयोजन में गरबा की थाप पर नृत्य कर लोगों को आश्चर्य में डाल दिया। माता के गरबा गीतों की लय और संगीत के साथ पैरों की थाप ऐसे पड़ रही थी जैसे बच्चे सुनकर गरबा कर रहे हों। लेकिन केवल लोग सुन पा रहे थे, बच्चे नहीं, वे अपने ट्रेनिंग के हिसाब से प्रस्तुति दे रहे थे। इस बच्चों को उनकी प्रस्तुति पर अलग-अलग संस्थाओं समेत पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, डॉ. राकेश पांडे व डॉ. रुचिरा पांडे द्वारा विभिन्न प्रकार के आकर्षक उपहार दिए गए। मुख्य अतिथि रूप में अष्टविनायक रियलिटी के प्रबंध निदेशक संतोष लोहाना एवं विशिष्ट अतिथि रूप में समाजसेवी दिव्या झंवर व संतोष मोहता सम्मिलित हुर्इं।
पूरे शहर में होती है बच्चों की प्रस्तुति की चर्चा, कैसे बिना सुने बोले ये बच्चे कर लेते हैं सदा हुआ नृत्य
अर्पण कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रकाश शर्मा ने बताया, पांच वर्षों से लगातार नवरात्रि पर इन बच्चों द्वारा ऐसी अविस्मरणीय प्रस्तुति की चर्चा पूरे शहर में होती रही है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग इस गरबा की प्रस्तुति एवं बच्चों की भक्ति को देखने आते हैं। शहर की नामी महिला संस्थाओं द्वारा बच्चों को स्किल डेवलपमेंट की सामग्री भी वितरित की गई। उन्होंने बताया, इन बच्चों द्वारा दिवाली के पूर्व मोमबत्ती मोमेंटो तैयार किए जाते हैं, जिसे जनता खरीद कर उनका हौसला बढ़ाती है। संस्था के सदस्य वीरेंद्र शर्मा, धनंजय त्रिपाठी, मृत्युंजय शुक्ला, सीमा छाबड़ा, कमलेश शुक्ला सहित सभी लोगों ने आभार व्यक्त किया।