रायपुर। छत्तीसगढ़ी भाषा में शिक्षा और रोजगार की आवाज बुलंद करने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य का पहला प्रदेश स्तरीय संगठन बनाया गया है। जिसे छत्तीसगढ़ प्रदेश छत्तीसगढ़ी भाषा छात्र संगठन का नाम दिया गया है। जिसमें राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों में संचालित मास्टर आॅफ आर्ट इन छत्तीसगढ़ी के विद्यार्थी सदस्य बनाए गए हैं। संगठन का ध्येय वाक्य है- ‘छत्तीसगढ़ी भाषा में शिक्षा और रोजगार।’
संगठन के संयोजक व अध्यक्ष अभनपुर निवासी जितेंद्र कुमार साहू ने बताया, घड़ी चौक स्थित छत्तीसगढ़ महतारी प्रतिमा के सामने पूजा व महतारी की वंदना कर इस संगठन की नींव रखी गई है। इसके संरक्षक छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के पूर्व अध्यक्ष व इतिहासकार रमेंद्र नाथ मिश्रा और दिल्ली 6 और पीपली लाइव में गीत देने वाली जोशी बहन रमा जोशी बने हैं।
वहीं सदस्यों में प्रमुख रूप से प्रभात केयूर भूषण मिश्रा, रामेश्वर शर्मा साहित्यकार, डॉ. उदय भान सिंह चौहान छत्तीसगढ़ राज्य आंदोलनकारी, लता राठौर, रेखा जोशी, प्रभा जोशी और छत्तीसगढ़ महतारी के आधिकारिक निर्माता ईश्वर साहू बंधी बनाए गए हैं। कार्यकारणी सदस्यों में प्रदेश के 7 विश्वविद्यालयों (पंडित रविशंकर शुक्ल, कुशाभाऊ ठाकरे, अटल बिहारी वाजपेयी बिलासपुर, हेमचंद विश्वविद्यालय दुर्ग, आईएसबीएम गरियाबंद, सीआईटी अभनपुर) में एमए छत्तीसगढ़ी भाषा पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं शामिल किए गए हैं। संगठन के सलाहकार के रूप में अनिल दुबे राज्य आंदोलनकारी और छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी पेंशनर एसोसिएशन के सचिव एवं पूर्व रजिस्ट्रार उच्च शिक्षा सी.एल. दुबे बनाए गए हैं। सभी पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से चयन राज्य स्तरीय बैठक में किया गया।