देश

दवा उद्योग निर्माण में सरकार करेगी सहयोग: स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल

दवा व्यापारियों का केमिस्ट गौरव सम्मान समारोह

रायपुर। रायपुर जिला दवा विक्रेता संघ द्वारा विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर केमिस्ट गौरव सम्मान 2026 का आयोजन शांति नगर स्थित विमतारा हॉल में किया गया। संघ के अध्यक्ष विनय कृपलानी, उपाध्यक्ष अश्विनी विग एवं सचिव संजय रावत ने बताया कि इस दौरान केमिस्ट गौरव सम्मान कार्यक्रम के तहत संघ पदाधिकारियों व मुख्य अतिथि के हाथों 25 वर्ष से अधिक समय से दवा व्यापार के क्षेत्र में कार्यरत वरिष्ठ दवा व्यापारियों को सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट सेवा देने वाले दवा व्यापारियों को भी नवाजा गया।

मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस अवसर पर कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में दवा व्यापारियों का बहुत ही महत्वपूर्ण स्थान है। आज राज्य के प्रत्येक क्षेत्र में आम जनता को दवाओं की उपलब्धता व्यापार और सेवा के माध्यम से व्यापारी संगठन कर रहा है, इसके लिए वे साधुवाद के पात्र हैं।

उन्होंने दवा व्यापारियों का आह्वान करते हुए कहा कि वे अब केवल विक्रय तक सीमित न रहें, बल्कि दवा निर्माण के क्षेत्र में भी आगे आएं। छत्तीसगढ़ शासन दवा उद्योग की स्थापना के लिए पूरा सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि छत्तीसगढ़ में निर्मित दवाएं देश-विदेश में भी बिकें और यहां के व्यापार-उद्योग आगे बढ़ें, जिससे प्रदेश में रोजगार के नए अवसर भी सृजित हों। उन्होंने विश्वास दिलाया कि संगठन के माध्यम से व्यापारी अपनी समस्याओं को शासन के समक्ष रखें, वे उन समस्याओं के निराकरण में हमेशा सहयोग करेंगे। इस अवसर पर संरक्षक ठाकुर राजेश्वर सिंह, वासुदेव जोतवानी, भारत बजाज, जगदीश पटेल ने भी विचार रखे। दवा व्यापार में हो रहे परिवर्तन के संदर्भ में विशेषज्ञ पलाश खंडेलवाल ने उपस्थित केमिस्ट साथियों को मार्गदर्शन दिया। मंच संचालन अश्विनी विग, मनीष सोनी एवं वरुण चिमनानी ने किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष आशीष कुमार, भगवान रेलवानी, जितेंद्र लालवानी, अनिल जैन, नीरज चौधरी, नितेश कुमार जैन, शैलेश पटेल, राजेश पटेल, सत्यव्रत मिश्रा, दीपक कुमार लालवानी, विमल चंद्राकर, विजय भोजवानी, वैभव श्रीवास्तव, हरीश अलवानी, धर्मेंद्र राठी आदि उपस्थित थे।

About the author

मीडिया एमपीसीजी