रायपुर। छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर शनिवार, 10 अक्टूबर को छठ महापर्व आयोजन समिति, महादेव घाट रायपुर के सदस्यों की बैठक सुबह 10 बजे से बेबीलॉन टावर, वीआईपी रोड चौक में आयोजित की जाएगी। आयोजन प्रमुख राजेश सिंह ने बताया, इस बैठक में सूर्य उपासना एवं सामाजिक समरसता के महापर्व छठ पूजा के आयोजन को भव्य, व्यवस्थित एवं सफल बनाने, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुचारु व्यवस्था को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही घाट पर भीड़ नियंत्रण, सुरक्षित आवागमन, आपातकालीन सहायता तथा संबंधित प्रशासनिक विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने संबंधी रूपरेखा बनाई जाएगी। बैठक में प्रमुख रूप से रामकुमार राजावत, वेदनारायण, परमानंद सिंह, मनोज सिंह, अजय शर्मा, शेखर बांका, पंकज चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सम्मिलित होंगे।
समिति का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि छठ पूजा में सम्मिलित होने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा वे शांतिपूर्ण, सुरक्षित और श्रद्धापूर्ण वातावरण में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें। बैठक में प्रमुख व्यवस्थाओं पर होगी चर्चा पार्किंग व्यवस्था महादेव घाट पर आने वाले हजारों श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग स्थल, यातायात प्रबंधन एवं आवागमन को सुगम बनाने की रणनीति तैयार की जाएगी। साफ-सफाई एवं स्वच्छता घाट परिसर, पूजा स्थलों, संपर्क मार्गों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के संबंध में चर्चा की जायगी। छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधाएं, पूजा के लिए आने वाले व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधा, सहायता केंद्र एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विचार किया जाएगा।
सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए घाट पर भीड़ नियंत्रण, सुरक्षित आवागमन, आपातकालीन सहायता तथा संबंधित प्रशासनिक विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने की रूपरेखा बनाई जाएगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन: छठ महापर्व की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लोकगीतों तथा पारंपरिक प्रस्तुतियों के आयोजन पर चर्चा की जाएगी। आयोजन की रणनीति एवं कार्ययोजना छठ पूजा को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां निर्धारित करने, सदस्यों के बीच कार्य विभाजन करने तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता समिति का मानना है कि छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आस्था, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, पारिवारिक मंगलकामना, सामाजिक एकता और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। इस महापर्व में बड़ी संख्या में माताएँ-बहनें कठिन व्रत रखकर अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करती हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और अनुशासित व्यवस्था सुनिश्चित करना समिति की प्रमुख प्राथमिकता है। बैठक में आयोजन की तैयारियों को लेकर महा भंडारे के साथ सामूहिक विचार-विमर्श के पश्चात आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे तथा छठ महापर्व को सफल बनाने के लिए आगामी कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
छठ महापर्व आयोजन समिति, महादेव घाट, रायपुर की ओर से सभी सदस्यों से अपील की जाती है कि वे निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव दें और इस पावन महापर्व को भव्य, सुव्यवस्थित एवं यादगार बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।
उपस्थित सदस्य, रामकुमार राजावत, वेदनारायण, परमानंद सिंह, मनोज सिंह, अजय शर्मा, शेखर बांका, पंकज चौधरी, और अन्य पदाधिकारी और काफी संख्या में सदस्य उपस्थित होंगे।